आस्था के बच्चों ने खेल प्रतियोगिता में फहराया परचम

रायगढ़ में आयोजित प्रदेश स्तरीय पैरा योगासन खेल स्पर्धा में जीते पांच मैडल, 2 व 3 अक्टूबर को रायपुर में आयोजित होनी है राष्ट्रीय प्रतियोगिता.

राजनांदगांव। आस्था मूकबधिर शाला के श्रवण बाधित बच्चों ने अपने पहले ही प्रयास में लंबी छलांग लगाते हुए रायगढ़ में आयोजित प्रदेश स्तरीय पैरा योगासन खेल स्पर्धा में पांच मैडल अपने नाम कर राष्ट्रीय योगासन खेल स्पर्धा के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। प्रदेश स्तरीय पैरा योगासन खेल स्पर्धा का आयोजन रायगढ में हुआ जिसमें नौ जिले के लगभग 100 खिलाड़ियों ने चार श्रेणियों श्रवण बाधित, मूकबधिर, दृष्टि बाधित एवं अस्थि बाधित में हिस्सा लिया।

मूकबधिर श्रेणी में आस्था मूकबधिर शाला राजनांदगांव के बच्चों ने अपना दबदबा बनाते हुए छ: पदकों में से कुल पांच पदक अपनी झोली में डाले। जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। अंडर 17 बालक वर्ग में अमन भंडारी ने स्वर्ण, लक्की मरकाम ने रजत और प्रियांशु यादव ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया वहीं अंडर 17 बालिका वर्ग में पलक देशलहरे ने रजत और मानवी मंडावी ने कांस्य पदक जीतकर राजनांदगांव का परचम पूरे राज्य में लहराया। यह सभी बच्चे योगशाला योग संस्थान के प्रशिक्षकों किशोर माहेश्वरी, श्रुति ताम्रकार और प्रेम साहू के कुशल मार्गदर्शन में सतत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उक्त प्रशिक्षकों की दिन रात की मेहनत ने योगासन की बारीकियां सिखाई उनके अंदर आत्मविश्वास पैदा कर उनका मनोबल बढ़ाया जिससे बच्चे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तैयार हो सके और जिले के लिए मैडल जीत सके। शाला की शिक्षिका निशा हरिव्यासी, ज्योति वैष्णव, गौरव साहू का भी विशेष योगदान रहा। सभी प्रशिक्षण स्थल से लेकर रायगढ़ के आयोजन स्थल तक बतौर अभिभावक दिन रात डटे रहे। उक्त प्रतिभाशाली बच्चों की इस उपलब्धि पर योगासन भारत के जिलाध्यक्ष हेमंत तिवारी, लक्ष्मण लोहिया सहित संस्था के संरक्षक, संचालकगण, शाला के प्राचार्य और स्टॉफ ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।