
देश के सबसे बडे़ बैंक भारतीय स्टेट बैंक यानि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए बडी़ मुसीबत लाने की तैयारी कर ली है। स्टेट बैंक ने तय किया है कि उसके सेविंग अकाउंट के ग्राहक महीने में चार बार से ज्यादा राशि निकालेंगे तो उन्हें इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
स्टेट बैंक ने बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) खाताधारकों के लिए सर्विस चार्ज के नियम बदल दिए हैं। नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। इसके बाद हर महीने सिर्फ 4 बार मुफ्त कैश निकालने की सुविधा मिलेगी। पांचवीं बार से हर अतिरिक्त निकासी पर ₹15 प्लस GST का चार्ज लगेगा।
पहले डिजिटल लेनदेन को फ्री विड्रॉवल की गिनती में शामिल नहीं किया जाता था। अब 1 अक्टूबर से यह लिमिट बदल जाएगी। चार मुफ्त निकासी में SBI और अन्य बैंकों के ATM से कैश निकालना, बैंक ब्रांच से निकासी और डिजिटल ट्रांजेक्शन जैसे AEPS भी शामिल होंगे। यानी कुल मिलाकर महीने में चार बार ही मुफ्त सुविधा मिलेगी।
SBI का BSBD खाता उन लोगों के लिए है जो बिना न्यूनतम बैलेंस के साधारण बैंकिंग सेवाएं लेना चाहते हैं। इसमें बेसिक RuPay ATM-कम-डेबिट कार्ड मिलता है, लेकिन चेकबुक की सुविधा नहीं होती। इस खाते के साथ ग्राहक SBI में कोई दूसरा सेविंग्स अकाउंट नहीं रख सकता। अगर किसी के पास पहले से सेविंग्स अकाउंट है और वह BSBD खोलता है, तो उसे 30 दिनों के अंदर पुराना खाता बंद करना होगा।


