
महापौर परिषद की बैठक में कई कार्यो पर लगी मुहर
राजनांदगाँव। महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में महापौर परिषद की बैठक निगम स्थित महापौर कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में चौक चौराहों के सौदर्यीकरण, व्यवसायिक परिसर निर्माण, पाईप लाईन विस्तार तथा ठेका श्रमिक रखने प्राप्त न्यूनतम दर की स्वीकृति, दुकान नीलामी, जाति प्रमाण पत्र संबंधी विषयो पर चर्चा उपरांत निर्णय लिया गया।
महापौर यादव ने बैठक के संबंध में बताया कि बजट प्रावधान अनुसार व्यवसायिक परिसर निर्माण की कडी़ में रेल्वे स्टेशन रोड तथा बीएसएनएल आफिस के पास जीई रोड में व्यवसायिक परिसर निर्माण के लिए एवं 15वें वित्त आयोग अंतर्गत विभिन्न स्थानों में पाईप लाईन विस्तार हेतु आहुत निविदा में प्राप्त न्यूनतम दर की अनुशंसा की गयी तथा चौक चौराहों के सौदर्यीकरण के कार्य योजना की स्वीकृति प्रदान की गयी। उन्होंने बताया कि रोड नाली निर्माण के साथ साथ जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने, दुकान नीलामी के अलावा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजनांतर्गत पात्र हितग्राहियों को राशि देने की स्वीकृति तथा समाजिक सुरक्षा पेंशन अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पेंशन राशि देने अनुशंसा की गयी। इसी प्रकार भवन निर्माण के समय अनुज्ञा में समस्त प्रकार के भवनो में रेनवाटर हार्वेस्टिंग लगाने की अनिवार्यता तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजनांतर्गत सोलर पेनल लगाने संबंधी निर्णय लिया गया।
बैठक में महापौर यादव ने 18 अगस्त को आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान बारिश एवं गणेश के पूर्व शहर की सड़कों में मरम्मत के लिए पेचवर्क करने तथा विद्युत व्यवस्था दुरूस्त करने दिये गये निर्देश की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पेचवर्क के कार्यो में गति लायें और गणेश झांकी निकलने वाले मार्गो में पेचवर्क कर मरम्मत करना सुनिश्चित करें। पेचवर्क में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा उन्होंने विद्युत व्यवस्था भी दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणेश पर्व के दौरान किये जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अभी से तैयारी करें। मार्गो के पेड़ों की टहनी की छटाई करें, जिससे झाकी सुगमता से निकल सके। उन्होंने निर्माण कार्य के अलावा दुकानों की नीलामी, अनुबंध किराया के संबंध में भी चर्चा कर प्राथमिकता से कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।
बैठक में महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, सुनील साहू, राजेश जैन रानू, बिना धु्रव, शैंकी बग्गा, केवरा विजय राय, वर्षा शरद सिन्हा, आलोक श्रोती, डीलेश्वर प्रसाद साहू एवं राजा माखीजा सहित आयुक्त जीआर मरकाम, कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे व कार्यपालन अभियंता (संविदा) यूके रामटेके, प्र. कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम, प्र.सहायक अभियंता गरिमा वर्मा व सुषमा साहू, राजस्व अधिकारी मोबिन अली, सहायक राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर, सहायक लेखा अधिकारी राकेश नंदे, प्र.स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा, प्र. कार्यालय अधीक्षक नारायण यादव सहित निगम के अधिकारी उपस्थित थे।


