सड़क हादसे में हुआ था गभीर रूप से घायल, जबडे़ की सफल सर्जरी से युवक को मिला नया जीवन

मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में दंत विभाग की टीम ने किया सफल उपचार

राजनांदगांव। शासकीय स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव के दंत विभाग की चिकित्सकीय टीम ने एक गंभीर सड़क दुर्घटना में चेहरे एवं जबड़े की हड्डियों में हुए जटिल फ्रैक्चर का सफलतापूर्वक शल्य उपचार कर एक 22 वर्षीय युवक को स्वस्थ कर सकुशल घर भेजा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गत सप्ताह 22 वर्षीय युवक यशवंत एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया था। दुर्घटना में उसके चेहरे की कई हड्डियों में गंभीर चोट आई थी तथा ऊपरी जबड़ा पूरी तरह फ्रैक्चर हो गया था। चोट के कारण उसके चेहरे पर अत्यधिक सूजन आ गई थी और उसे आंखों से देखने में भी परेशानी हो रही थी। उसके दांतों की सामान्य स्थिति एवं आपसी सेटिंग पूरी तरह बिगड़ गई थी। इसके साथ ही उसका मुंह खोलना लगभग बंद हो गया था तथा बोलने और भोजन चबाने में भी उसे अत्यधिक कठिनाई हो रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के दंत विभाग की टीम द्वारा मरीज का तत्काल परीक्षण एवं आवश्यक जांच कर उपचार की योजना तैयार की गई। दंत विभागाध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा के कुशल नेतृत्व में डॉ. राघव अग्रवाल एवं डॉ. अनिरुद्ध गांधी की टीम एवं पुरे दंत चिकित्सा विभाग ने जटिल जबड़े के फ्रैक्चर की शल्य चिकित्सा कर क्षतिग्रस्त हड्डियों को उचित स्थिति में लाते हुए उनका सफलतापूर्वक रिपेयर किया। इस जटिल शल्य प्रक्रिया में निश्चेतना विभाग की डॉ. दुर्गा एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण सहयोग एवं समन्वय रहा। दोनों विभागों की टीम के आपसी सामंजस्य और समन्वित प्रयासों से यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। शल्य चिकित्सा के पश्चात मरीज की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ। चेहरे की सूजन में कमी आई, जबड़े की स्थिति एवं दांतों का समुचित संरेखण पुनः स्थापित किया गया तथा मरीज को बोलने, मुंह खोलने एवं भोजन करने में राहत मिली। उपचार के बाद मरीज पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर सकुशल लौट चुका है।

उल्लेखनीय है कि शासकीय स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव के दंत विभाग द्वारा पिछले लगभग 10 वर्षों में चेहरे एवं जबड़े से संबंधित गंभीर ट्रॉमा के लगभग 200 मरीजों का सफल उपचार किया जा चुका है। यह उपलब्धि क्षेत्र में अत्याधुनिक एवं विशेषज्ञतापूर्ण दंत एवं मैक्सिलोफेशियल ट्रॉमा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इस सफल उपचार के लिए दंत विभाग एवं निश्चेतना विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि गंभीर दुर्घटना के मामलों में समय पर उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय मरीज के सफल उपचार में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।