
प्रफुल्ल ठाकुर, रायपुर
ये शशिकांत भरत हैं। धमतरी के ग्राम देवपुर के रहने वाले हैं। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो देखकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुद उनसे बात की। संवेदनशीलता दिखाते हुए बेहतर इलाज के लिए 9 सितंबर को उन्हें AIIMS, रायपुर में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री ने इलाज के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की।
लेकिन अब शशिकांत अपने इलाज से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। वे मुख्यमंत्री से ही गुहार लगा रहे हैं- “आपसे नहीं हो पाएगा मेरा इलाज… मुझे इच्छा मृत्यु ही दिलवा दीजिए।”
2016 में एक सड़क दुर्घटना के दौरान शशिकांत को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। दुर्घटना में सर्वाइकल की समस्या उत्पन्न होने से उनके हाथ-पांव की कार्यक्षमता प्रभावित हो गई थी। लंबे समय तक विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो पाया था।


