
विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरे में हुआ हादसा
बस्तर दशहरा में दर्दनाक हादसे की खबर आई है।आठ चक्कों वाले विजय रथ के पहिए के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका पैर कट गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विजय रथ को रोक दिया गया। घायल को महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद ने घटना की पुष्टि की है।
विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरे की भीतर रैनी रस्म मातम में बदल गई। पारंपरिक रथ खींचने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक ग्रामीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा ग्रामीण रथ की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका पैर कट गया।
जानकारी के अनुसार बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण रस्म भीतर रैनी के दौरान आठ चक्कों वाले विजय रथ को गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है। इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। बुधवार को भी रथ की परिक्रमा के दौरान एक व्यक्ति रथ के पहिए की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। एक व्यक्ति का पैर कट गया है।
हादसे के वक्त तक माता दंतेश्वरी का छत्र विजय रथ पर सवार नहीं हुआ था। परंपरा के अनुसार मावली परघाव की रस्म के बाद माता दंतेश्वरी के छत्र को आठ चक्कों वाले विजय रथ पर विराजित किया जाता है। इसके बाद रथ को गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है। इसी बीच परिक्रमा शुरू होने से पहले हादसा हो गया। घटना के बाद विजय रथ को रोक दिया गया और एंबुलेंस बुलाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
इस दर्दनाक हादसे ने बस्तर दशहरे की व्यवस्थाओं और परंपराओं के निर्वहन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस ऐतिहासिक आयोजन को बस्तर की जनजातीय आस्था और गौरव का प्रतीक माना जाता है उसी में एक ग्रामीण की जान चली गई और दूसरा जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।
बस्तर दशहरा समिति के पूर्व अध्यक्ष और मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी है। बैज ने सवाल उठाया कि क्या बस्तर की सदियों पुरानी परंपराओं को इसी तरह निभाया जाएगा?
बैज ने कहा कि शासन-प्रशासन ने बस्तर दशहरे को मजाक बनाकर रख दिया है। उन्होंने मृतक के परिजनों और घायल ग्रामीण को तत्काल उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
बस्तर दशहरे में कल 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति का प्रस्तावित दौरा है। इस दौरे से ठीक पहले हुए इस हादसे ने आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि रथ खींचने की पारंपरिक रस्म के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम थे? क्या संभावित खतरे का आकलन किया गया था?
बस्तर दशहरा सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि यहां के आदिवासी समाज की आस्था, पहचान और परंपरा है। ऐसे आयोजन में हुई घटना को महज हादसा बताकर टाला नहीं जा सकता। मृतक परिवार को न्याय, घायल को बेहतर उपचार और इस हादसे की जवाबदेही तय करना अब शासन-प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

