दीपावली त्योहार में यातायात के सुचारू संचालन के लिए की गई शहर में अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था

आयुक्त ने चयनित पार्किंग स्थल में व्यवस्था हेतु अधिकारियों को सौंपा दायित्व
राजनांदगांव।
दीपावली त्योहार में शहर की भीड़ को देखते हुए यातायात के सुचारू संचालन के लिए व्यापारियों के सुझाव पर प्लान तैयार किया गया है जिसके तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। चयनित स्थानों में पार्किंग के लिए व्यवस्था करने निगम आयुक्त जी.आर मरकाम ने निगम के अधिकारियों को दायित्व सौंपा है।
गत दिवस कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में चेम्बर आफ काॅर्मस के पदाधिकारियों के साथ आगामी दीपावली त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए शहर में यातायात का सुचारू संचालन एवं व्यवस्थित पार्किंग के लिए चर्चा की गयी। पुत्रीशाला, पुराना जिला चिकित्सालय, शिवाजी पार्क, पुराना दुर्गा टाकीज के बाजू रिक्त भूमि, गंज चौक के अलावा फ्लाई ओव्हर के नीचे गुरूद्वारा के पास, महावीर चौक के पास व पोस्ट आफिस चौक के पास अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। साथ ही शहर के बाजार क्षेत्र गुडाखू लाईन, जुनीहटरी, सिनेमा लाईन, हलवाई लाईन क्षेत्र के व्यापारियों को दुकान का सामान दुकान के अंदर रखने समझाईश दी जाएगी। साथ ही जय स्तम्भ चैक के पास रोड में अस्थाई पसरा लगाने वालों को महावीर चौक फ्लाई ओव्हर के नीचे पसरा लगाने समझाईश भी दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि फ्लाई ओव्हर के नीचे त्योहारी सीजन में पसरा लगाने हेतु महापौर के निर्देश पर जगह भी आरक्षित कर लिया गया है। आयुक्त ने कहा कि दीपावाली त्योहारी सीजन के दौरान जय स्तम्भ चौक में पसरा लगाकर त्योहारी सामान बेचने वाले फुटकर व्यापारियों को सूचित किया जाता है कि इस हेतु नगर पालिक निगम राजनांदगांव के आवाक जावक शाखा में बिना विलंब किए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
इस संबंध मे आयुक्त मरकाम ने कहा कि कलेक्टर के निर्देशानुसार दीपावली त्योहार में सुगम यातायात तथा भीड़ को नियंत्रित करने हेतु यातायात पुलिस से समन्वय करते हुए सुचारू व्यवस्था हेतु व्यापारियों के साथ मिलकर प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्थाई पार्किंग व्यवस्था के लिए निगम के अधिकारियों को पृथक पृथक दायित्व सौंपा गया है। सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ यातायात विभाग से आवश्यक समन्वय स्थापित कर निर्धारित पार्किंग स्थल में आवश्यक व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने व्यापारियो और नागरिकों से भी व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।