
रायपुर से नागपुर की ओर ले जा रहे थे रकम, दुर्ग पुलिस को मिली बड़ी सफलता
दुर्ग। जिले के खुर्सीपार क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त चेंबर बने पिकअप वाहन से 4 करोड़ रूपये की अवैध नकदी बरामद की है। कल देर रात सुबह पुलिस को अवैध गतिविधियों और संदिग्ध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन चेकिंग दौरान सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है।


पुलिस ने रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे एक सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन (क्रमांक: CG 04 QU 5996) को जांच के लिए रोका। खुर्सीपार पुलिस ने डबरापारा के पास रात करीब 11 बजे पिकअप को रोककर जब जांच की तो पाया गया कि वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाईड कर पूरी तरह बंद किया गया था। वाहन में दो व्यक्ति सवार मिले। पूछताछ में उन्हें अपना नाम भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे बताया।
सघन तलाशी लेने पर वाहन के मॉडिफाईड किए गए पिछले हिस्से में एक विशेष गुप्त चेंबर (Hidden Chamber) बना मिला। चेंबर को खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा बरामद की गई। इस गुप्त चेंबर से 4,00,00,000/- (चार करोड़ रुपये मात्र) बरामद किए गए। पकडे़ गए दोनों व्यक्तियों से रकम के स्रोत, स्वामित्व तथा परिवहन के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
बरामद रकम के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की गहन जांच हेतु आयकर विभाग (Income Tax Department) को सूचना भेजी जा रही है।

