श्री दिग्विजय क्लब की भवन अनुज्ञा निलंबित, निर्माण कार्य स्थगित

कलेक्टर की अनापत्ति के बिना जारी हुई थी अनुज्ञा
​राजनांदगांव।
नगर पालिक निगम राजनांदगांव ने श्री दिग्विजय क्लब से जुड़े एक बड़े मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए क्लब के भवन निर्माण की अनुज्ञा (परमिशन) को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया है। साथ ही, मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को भी स्थगित कर दिया गया है।
​निगम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक किशोर बेलेवाला (कार्यकारी अध्यक्ष, श्री दिग्विजय क्लब राजनांदगांव) द्वारा नजूल शहर के मोहल्ला टांकापारा (शीट क्रमांक 47-ए, भूखंड क्रमांक 4/1, क्षेत्रफल 4945.00 वर्गमीटर) पर भवन अनुज्ञा हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस आवेदन के आधार पर 28 अप्रैल 2023 को भवन अनुज्ञा क्रमांक 11835 जारी की गई थी, जो कि कलेक्टर राजनांदगांव (पदेन सचिव) की होल्डरशीप में दर्ज है।
​प्राप्त शिकायत के बाद जब इस प्रकरण की नस्ती का प्रारंभिक परीक्षण किया गया, तो यह खुलासा हुआ कि भवन अनुज्ञा जारी करने से पहले कार्यालय कलेक्टर जिला राजनांदगांव से आवश्यक सहमति या अनापत्ति (NOC) प्राप्त नहीं की गई थी और न ही इसे दस्तावेजों में संलग्न किया गया था।
​नगर पालिक निगम आयुक्त द्वारा जारी आदेश में क्लब के पदाधिकारियों को 7 दिवस के भीतर कलेक्टर कार्यालय की सहमति या अनापत्ति के साथ अपना लिखित जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
​प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समयावधि में समाधानकारक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो ​भवन अनुज्ञा को पूरी तरह से निरस्त कर दिया जाएगा। ​अब तक किए गए अवैध निर्माण कार्य को हटाया जाएगा। ​निर्माण हटाने में आने वाले खर्च की राशि को भू-राजस्व के बकाया की तरह वसूल किया जाएगा।
​इस मामले को लेकर निगम आयुक्त ने भवन अनुज्ञा अधिकारी को तत्काल आदेश की तामिली कराने और मौके पर निर्माण कार्य बंद करवाकर पंचनामा व पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पंजीकृत निजी आर्किटेक्ट दिशा साहू को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। समयावधि में संतोषजनक जवाब न मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।