
डोंगरगढ़ का मामला
राजनांदगांव/डोंगरगढ़। जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग पीड़िता को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण करने और मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरवरी 2026 में एक पारिवारिक शादी समारोह के दौरान पीड़िता की पहचान पवन वर्मा (निवासी जुनवानी, खैरागढ़) से हुई थी। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल फोन के जरिए पीड़िता से संपर्क बढ़ाया और उसे प्रेम व शादी का झांसा देने लगा।
पीड़िता द्वारा कम उम्र का हवाला देकर शादी से इंकार करने पर आरोपी उसे और उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी देता था। आरोप है कि 10 जून 2026 को आरोपी पीड़िता को अपने घर जुनवानी ले गया, जहां परिजनों के समक्ष उसकी उम्र 18 वर्ष बताकर जबरन शादी कर ली और शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया और 03 जुलाई 2026 को उसे नागपुर ले जाकर भी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद 27 अक्टूबर 2026 को डोंगरगढ़ थाने में पहुंचकर आरोपी के खिलाफ औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी डोंगरगढ़ रामेश्वर प्रसाद देशमुख व पुलिस टीम द्वारा त्वरित दबिश दी गई।
इस मामले में
गिरफ्तार आरोपी पवन वर्मा (पिता नंदलाल वर्मा), उम्र 20 वर्ष, निवासी जुनवानी, खैरागढ़, जिला केसीजी (छत्तीसगढ़) पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 87, 64(2)(m), 351(3), 115(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 28 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।




