
आदरणीय स्व. शरद कोठारी जी कृत…
लालबाग पैलेस की अब काया पलट गई है। कुछ दिन बाद तो इसे पैलेस कहना भी कठिन होगा। जहां मोटर गैरेज थे, होटलें खुल गई हैं, जहां पावर हाऊस था, दूसरी ही बिल्डिंग खडी़ है, जहां पैलेस स्टाफ रहता था, लोगों ने जमीनें खरीदकर मकान बना लिए हैं, जो राजा दिग्विजय दास का ड्राईंग रूप था, सरकारी दफ्तर बन गया है, बगीचों को साफ कर दफ्तर के बाबुओं ने बैडमिंटन कोर्ट बना दिया है, आहाते की दीवारें तोड़कर रास्ते निकाल लिए गए हैं, अलग-अलग मालिकों के मकानों को जोड़ने वाले।
पहले यह सब एक नवयुवक राजा के वैभव को बांधने वाली फैन्स वाल थी और एक ही रास्ता था जो सीधे पैलेस के शानदार ड्राईंग रूम के सामने वाले पोर्च में जाकर मिल जाता था, अब यहाँ जमीन फी इंच बिकती है… जिसकी जितनी औकात हो खरीद ले।
पैलेस-अहाते में अब चहल पहल बढ़ गई है। पहले सिर्फ रात को ही “कुछ खास” महानुभावों की आमद-रफ्त दिखाई पड़ती थी, पैलेस आजकल दिन रात चलता है। इसके बावजूद अब यह पैलेस सूना-सूना, उजडा़-उजडा़ लगता है। इसकी शक्ल डरावनी सी लगती है और यह जो शानदार गुम्बद है यह एक मजार की उदासी लिए बडी़ मजबूरी से इस चहल-पहल को दर्द भरी निगाहों से देख रहा है।
गुम्बद में उन रातों की गूंजें कहीं छिपी हैं, जब इसके नीचे शानदार पार्टियाँ, डिनर और डांस हुआ करते थे, शराब के जाम छलका करते थे और नवयुवक राजा अपनी ही दुनिया में खोया रहता क्योंकि दुनिया में उसे करने के लिए कुछ और नहीं था।
ऐसी ही एक रात इक्कीस जनवरी 1958 की थी, कौन जानता था कि राजा दिग्विजय दास की वह अंतिम रात होगी।
रात आधी ढल चुकी है, पैलेस में सब कमरों की बत्तियां जल रही हैं, प्रकाश के बावजूद एक अजीब किस्म का सन्नाटा पैलेस को घेरे हुए है। पैरों की आहट, पैलेस-बार में शराब की गिलासों की खनखनाहट, बीच-बीच में विरल हंसी का झटका और फिर किसी के चलने-फिरने की आवाज, बिलियर्ड टेबल पर गेंद से ठेले जाने एक जो ठोस धक्के सी आवाज सुनाई पड़ जाती है, उससे ऐसा लगता है कि जैसे किसी का सिर काठ की दीवार से टकराया जा रहा है और लगातार कराह उठता है। यों खेल में कोई जान नहीं है क्योंकि राजा साहब अभी बिलियर्ड खेलना सीख रहे हैं। व्हिस्की का गिलास बिलियर्ड टेबिल की चौडी़ पट्टी पर रखा है। राजा साहब बीच-बीच में चुस्कियां लेते हैं और लकडी़ से निशाना साधकर अलग-अलग कोणों से गेन्द खेलने की कोशिश करते हैं।
खेल एक अजीब खामोशी से चलता रहा। राजा साहब के दो दोस्त उनके साथ ही बंबई से कल आए थे। बस उनके सिवाय बिलियर्ड रूम में और कोई नहीं था।
- “बीर, कल सुबह ही हम लोग शिकार को चलेंगे। एडवांस पार्टी चली गई है”, राजा साहब ने अपने मित्र अशोक बीर से कहा। बिलियर्ड का सूत्र फिर जुड़ गया। व्हिस्की फिर डाली गई।
- “दिग्वि! तुम आजकल बिलियर्ड अच्छा खेल लेते हो”, बीर ने कहा।
- “लेकिन रानी साहिबा कहां मानती हैं! वे तो आज भी मुझे सिखाडी़ समझती हैं”, राजा साहब ने कहा।
- “आज यदि वे देखें तो मानना पडे़गा”, बीर ने कहा।
राजा साहब ने अपने नौकर को आवाज दी।
इलैया, रानी साहिबा से कहो कि यहां आयें!
इलैया थोडी़ ही देर में रानी साहिबा के कमरे से लौट आया- “सरकार रानी साहिबा ने कहा है कि उन्हें भूख लग आई थी इसलिए खाना खा रही हैं, खाना खाकर अभी आती हैं।”
खेल जारी रहा, राजा साहब ने अपने दूसरे मित्र अकबर से कहा- शिकार के लिए रवाना होने में कुछ देर हो सकती है।
-क्यों? अकबर ने पूछा।
अकबर बंबई की एक फर्म रिदम हाऊस का मालिक है, दिखने में खूबसूरत, बातचीत में बहुत दिलचस्प और आदतन बडे़ आदमियों के साथ रहा, घूमा-फिरा हुआ। राजा साहब के साथ पहली बार नांदगांव आया था।
- “मुझे कल सुबह टूर्नामेंट का उद्घाटन करना है”, राजा साहब ने कहा।
खेल कुछ धीमा पडा़, राजा कुछ सोच में डूब गए। बैरा ने खाली हुए व्हिस्की के गिलास को भर दिया। दिग्विजय ने क्लब में भी पी थी। बंबई से लौटते ही वे क्लब गए थे, वहीं से सीधे विलास मोहबे के घर गए और यह कहकर जल्दी उठ आए थे कि आज वे जल्दी सो जाएंगे उन्हें टूर्नामेंट का उद्घाटन भाषण लिखना है।
अनमने भाव से बिलियर्ड टेबिल के मैदान नुमा बोर्ड पर घूमती हुई गेंदों को डन्डे से ठेला, गेन्दें एक दूसरे से कई बार टकराई। राजा साहब के दिमाग में न जाने किन विचारों की टकराहट मची हुई थी। उन्होंने फिर इलैया को पुकारा- “देखो, रानी साहिबा ने खाना खा लिया कि नहीं! कहो कि यहां बुलाते हैं।”
दिग्विजय दास मिनट को भी गिलास नहीं छोड़ते थे। व्हिस्की उनकी चिरसंगिनी बन गई थी, और… उनकी जीवन संगिनी…?
इलैया अब तक रानी साहिबा के कमरे से लौट चुका था, उसने चाहा था कि वह यह न बताये कि रानी साहिबा क्या कर रही है। उसने समझा था कि राजा साहब नशे में भूल चुके होंगे कि उन्होंने रानी साहिबा को बुलवाया था, लेकिन दिग्विजय के पीने की यह खूबी थी कि वे चाहे जितना पीएं, बराबर होश में रहते थे। एक गिलास को वे धीरे-धीरे बडे़ रईसाना अंदाज में पीते थे। अच्छे-अच्छे पीने वालों के मुंह से यही सुना गया था।
“पीने वाले तो बहुत देखे हैं परन्तु ऐसा रईसाना पीना बहुत कम देखने मिला।”
अकबर और बीर बिलियर्ड टेबल के एक तरफ खडे़ थे।
राजा साहब की आंखें इलैया की ओर उठी।
- सरकार वे कहती हैं कि उन्होंने स्लीपिंग गाऊन पहन लिया है और वे सोने जा रही हैं।
दिग्विजय ने विचलित भाव से बीर की तरफ देखा- “अशोक, तुम लोग खाना खा लो मैं अपने कमरे में ही खाऊंगा और मुझे कल के लिए स्पीच भी तो लिखनी है।”
अशोक बीर और अकबर स्तब्ध से राजा साहब की और देखते रहे।
-ओ.के. गुड नाईट! कहकर राजा साहब बिलियर्ड रूम से निकले और तेजी से रानी साहिबा के कमरे की और बढे़।
पीछे के पोर्च में हरे रंग की स्टेशन वैगन जीप खडी़ थी। शिकार का सामान लादा जा रहा था। राइफल, कपडे़-लत्ते और खाने-पीने का सामान भी रख दिया गया था। दिग्विजय को शिकार का बेहद शौक था। आठ या नौ चीते-शेर वे खुद मार चुके थे। उनके पास एक ऐसा सिगरेट केस था जिसकी पीठ पर नांदगांव रियासत का नक्शा बना हुआ था और उस पर उन जगहों के लाल निशान थे, जहाँ उन्होंने चीते या शेर का शिकार किया था।
सिगरेट केस अब दिग्विजय के पास से मिस्टर स्मिथ नामक एक अमरीकन के पास जा चुका था। दिग्विजय के स्वभाव की यह खासियत थी कि कैसे किसी का जरा सा भी उपकार हो तो उसे उतारे।
बात नैनीताल की है, दिग्विजय ने नैनीताल में रहने का पक्का इरादा कर लिया था। महाराजा रामपुर का बंगला अस्सी हजार में खरीद लिया गया था। वे उसमें रहने चले भी गए। एक ऐसी ही शाम को एक अमरीकन दम्पत्ति हाॅटल में कमरा न मिलने के कारण बरामदे में ठहर गए थे। दिग्विजय ने उन्हें ड्रिंक्स का आमंत्रण दे दिया।
स्मिथ ने नई-नई शादी की थी और वह हनीमून के लिए राउन्ड दी वर्ल्ड की सैर पर था। न्यूयार्क से नैनीताल आया था। हिन्दुस्तान में किसी राजा से पहली बार ही मिला था। उसने व्हिस्की के सौहार्द की अपनी सुन्दर रिस्टवाच राजा साहब को भेंटकर उतारना चाहा था, लेकिन राजा साहब किसी का उपकार रखने को कब तैयार थे। ड्रिंक्स के दौरान राजा साहब के हाथ में रखे सिगरेट केस की स्मिथ ने प्रशंसा की। उस सिगरेट केस की तारीफ यह थी कि उसमें सिगरेट भरे रहते थे लेकिन दिखाई नहीं पड़ते।
तबसे स्मिथ से राजा साहब का बराबर पत्र व्यवहार चलता रहा। इतिहास, साहित्य, विज्ञान आदि विषयों पर ये दोनों विचारों का आदान-प्रदान करते। स्मिथ ने अनेक चिट्ठियों में राजा साहब के ज्ञान, अंग्रेजी में उसे अभिव्यक्त करने की क्षमता और सबसे बढ़कर एक दोस्त की जिन्दादिली की हमेशा तारीफ की।
अशोक बीर और अकबर खाने की टेबल पर बैठ चुके थे। अचानक एक उत्तेजित आवाज टेलीफोन पर सुनाई दी-
मिस्टर शुक्ला, आई. एम. राजा साहब नांदगांव स्पीकिंग, प्लीज कम डाऊन इमीडियेटली मैं राजा साहब नांदगांव बोल रहा हूं, कृपया जल्दी आईए)।
हड़बडा़कर बीर और अकबर पोर्च के पास वाले बरामदे में आए। राजा साहब ने टेलीफोन रखा, वे रानी साहिबा के कमरे में जा चुके थे।
मिस्टर शुक्ला को नगर में कौन नहीं जानता। उनका गुरूगंभीर व्यक्तित्व रहस्य और तिलस्म का आभास देता है। छोटा कद, भारी शरीर, बातचीत के ढंग में निश्चयात्मक विश्वास की झलक और तर्क के ताने बाने में अपनी बात मनवा लेने की अद्भुत क्षमता। इन्हीं गुणों ने मिस्टर शुक्ला को एक दबंग हस्ती बना दिया है।
रियासत में राज परिवार से उनका संबंध तब से है जब वे स्थानीय कपडा़ मिल में बडे़ पद पर काम करते थे। अंग्रेजों और राजाओं के निकट संपर्क में रहते हुए मिस्टर शुक्ला हमेशा शासन तंत्र के अंग रहे हैं, वे बडे़ दिलचस्प भी हैं। उनके पास बैठिये, उनका चांदी का डिब्बा खोलिये, पान खाईये, तम्बाखू की डिबिया से चुटकी भर जरदा दबाइये और घंटों बातें करते जाएये।
दिग्विजय दास ने एक तरह से मिस्टर शुक्ला के संरक्षण में खुद को सौंप दिया था। शुक्लाजी उनके कानूनी सलाहकार भी थे यद्यपि वकालत का पेशा वे बरसों पहले छोड़ चुके थे।
राजा साहब की उम्र यही कोई सोलह-सत्रह की रही होगी। कलकत्ते में अपनी मां की देखरेख में एक पब्लिक स्कूल में पढ़ते रहे, फिर यहां रहने का इरादा लेकर आ गए।
पैलेस उस नौजवान के लिए अजूबा था। उसे कभी-कभी अपने मृत पिता राजा सर्वेश्वरदास की याद आ जाया करती, उसका भावुक हृदय अकेले में रोया करता, बाप का साया सिर पर नहीं, मां का प्यार सैकडो़ं कोसो दूर। दिग्विजय दास नहीं समझ पाते कि उन्हें क्या करना है।
अपना नया मालिक समझकर पुराने नौकरों ने महल में आना जाना शुरू कर दिया। वे दिग्वी को बचपन की यादें दिलाया करते। उसे बताते कि जब उसके पिता की मृत्यु हुई थी वह पांच साल का ही था जब उसके पिता को माता देवाला में जलाया जा रहा था। कैसे दिग्वी चीखा चिल्लाया था। उसे उस समय यहां एक अंग्रेज दिवान थे मेक्लाउड स्मिथ, उसने दिग्विजय को संभालकर पकड़ने की कोशिश की थी और बहुत जोर से दिग्वी ने एक लात उस अंग्रेज को लगाई थी और चीखा था- “डैडी सो रहे हैं तुम लोग उन्हें एक अच्छा बिस्तर भी नहीं दे सकते।”
पितृहीन दिग्वी के हृदय में एक तीखी वेदना हुई करती। उसे यह भी मालूम हो गया था कि महंत सर्वेश्वरदास की मां से कभी नहीं पटी। मां रानी जयती देवी अपने समय की अनुपम सुंदरियों में गिनी जाती थी। मयूरभंज महाराज की द्वितीय बंगाली पत्नी से उत्पन्न संतान केशव सेन की दौहोत्री। सर्वेश्वरदास की वह सिविल मैरेज थी। दोनों में कभी नहीं पटी। जयती एकदम पाश्चात्य सभ्यता में पली, स्वच्छन्दता प्रिय नारी और महंत सर्वेश्वरदास? ऐय्याशी में मस्त।
खैर, उस किस्से को छोडि़ए। नए वातावरण में दिग्वी पैर जमाने की कोशिश करता। खर्च के लिए रूपियों की जो तकलीफ बनी हुई थी सो अलग। दिग्वी को कुल पन्द्रह सौ रूपए मासिक राज्य सरकार से मिलते थे। जब तक दिग्वी बालिग नहीं हो जाता, रियासत की जायदाद राज्य सरकार के सुपुर्द ही रहेगी और सरकार आसानी से लाखों की यह संपत्ति दिग्वी के सुपुर्द करने को तैयार नहीं थी- बडी़ शर्त और कठिनाइयां थी।
मिस्टर शुक्ला की सहायता के बगैर दिग्वी बढ़ भी नहीं सकता था। उस समय के मुख्यमंत्री पंडित रविशंकर शुक्ल पर मिस्टर शुक्ला का अच्छा प्रभाव था।
“आखिर पन्द्रह सौ में कैसे काम चला सकता हूं। मिस्टर शुक्ला मेरी कोर्ट आफ वार्ड्स रिलीज करा दीजिए।”
दिग्वी के सारे प्रयास अब इसी ओर थे कि राजगामी सम्पदा जल्दी से जल्दी प्राप्त हो जाए।
इसी बीच एक रूमानी प्रसंग दिग्वी के जीवन में आया। उस नवयुवक के दु:खद अन्त का शायद यह प्रारंभ बिन्दु कहा जा सकता है।
खैरागढ़ की राजकुमारी उर्मि से विवाह की बात लगभग पक्की हो गई थी। खैरागढ़ की रानी पद्मावती देवी दो-तीन बार लालबाग आ चुकी थी। दिग्वी और उर्मि की जोडी़ खूबसूरत लगती थी। जिस बात ने दिग्वी को उर्मि की ओर आकर्षित किया था वह थी उसका भारतीयपन।
- “मैं एक ऐसी पत्नी चाहता हूं जो भारतीय स्त्रियों सा घूंघट निकाले, जिसमें नारी की लज्जा हो।”
एक बार दिग्वी ने अपने एक मित्र से कहा था।
अपनी भावी रानी की कल्पना में वह इतना डूब जाता कि खैरागढ़ का पहाडो़ं की हरियाली से घिरा हुआ वातावरण, बारात ले जाने की बात हमेशा उसे गुदगुदाया करती।
एक बार उसने यही बात अपने मित्र से कही थी “मैं यहां से बहुत नजदीक अपनी बारात ले जाना चाहता हूं, वह ऐसी छोटी सी रमणीक जगह होगी कि चारों ओर पहाड़ होंगे, नदियों से घिरा होगा वह गांव और वह इतना नजदीक होगा कि सुबह शादी कर शाम को हम अपने लालबाग आ जाएंगे।”
दिग्वी की रुमानी कविता पूरी होने के पहले ही खत्म हो गई।
दिग्वी ने उर्मि से शादी की बात जब जब राजमाता को लिखी तो वे यहाँ चली आईं। राजमाता जयति देवी ने तीन-चार लड़कियों के बारे में बताया।
-“मैं चाहती हूं कि दिग्वी इन सबको एक बार देख ले”, राजमाता ने मिस्टर शुक्ला से कहा था।
लेकिन दिग्वी अपनी बात पर अडा़ था।
उसने रानी साहिबा खैरागढ़ को लिख दिया था कि उसकी मां पक्की बात करने आ रही हैं।
दिग्वी, राजमाता और एक-दो दोस्तों के साथ रानी साहिबा खैरागढ़ से बात करने नागपुर गए।
-जब आपसे सारी बात तय हो गई तो आपकी मां क्या देखेंगी? और मैं आपकी मां से कोई बात नहीं करना चाहती।
दिग्वी खैरागढ़ रानी साहिबा की बात सुनकर तिलमिला गया। उसके मुंह से एक शब्द भी नहीं निकल सका। सीधे राजमाता के पास आकर इतना ही कहा- मैं अब किसी से भी शादी करने को तैयार हूँ।
राजमाता की लिस्ट में दूसरा नंबर था देवगढ़ बारिया का।
दिग्वी का दिमाग चकरा रहा था। मां का जरा सा अपमान भी उसे असहनीय था। फिर यहां तो उसकी मां के अस्तित्व को ही अस्वीकार किया जा रहा था और इस अस्वीकार का मुख्य कारण राजमाता जयति देवी के चाल-चलन के बारे में प्रचलित बातें थीं।
यह बात सभी जानते थे कि राजा सर्वेश्वर दास के जीते जी राजमाता का संबंध एक अंग्रेज से था। कलकत्ते में वे उसी के साथ ज्यादा रहती थी। दिग्वी भी अपनी मां के बारे में न जानता हो सो बात नहीं। फिर भी मां के लिए दिग्वी के मन में असीम श्रद्धा थी, प्यार था और यही दिग्वी का सबसे कमजोर पहलू भी था।
आवेश में दिग्वी बंबई रवाना हो गया। वहीं बारिया की राजकुमारी को देखने की बात तय हुई।
शादी के बहाने मौत का सौदा हो रहा था।
- एक लाख रूपियों का दहेज नगद, अभी हाथ तंग है काम चलेगा। खैरागढ़ की रानी को भी दिखा दूं कि दिग्वी चाहे तो आठ दिन में रानी ला सकता है।
दिग्वी ने अपने दोस्तों को नांदगांव तार कर दिया-
-शादी का इन्तजाम करो, आठ दिन बाद ही बारात लेकर बारिया जाना है।
कुछ पता नहीं चला कि कब संयुक्ता देवी लालबाग पैलेस की मल्लिका बनकर आ गई। हां, एक डिनर पार्टी जरूर हुई थी। वहीं एक पुराने खूसट ने रानी को देखकर यह फिकरा कसा था- “क्या यही इस रियासत की रानी है।”
दूसरे ने कहा- “कहां खूबसूरत फूल सा दिग्वी और कहां यह भोंडा ठूंठ।”
संयुक्ता देवी में आकर्षण की कोई बात नहीं थी। रंग जरूर गोरा लेकिन रग-रग में कठोरता, न बात करने का ठंग, न चाल-ढाल का ठिकाना।
दरअसल शादी के दिन से ही दिग्वी तलाक की बात सोचने लगा था।
-“मिस्टर शुक्ला मैं तलाक की बात करने बंबई गया भी था लेकिन उसके भाई से बात करने का मौका ही नहीं मिला।” उस दिन शाम को दिग्वी ने बंबई से लौटकर मिस्टर शुक्ला से कहा था-
“आप रानी साहिबा को कुछ रूपए देकर बारिया भेज दीजिए।” मिस्टर शुक्ला ने राजा साहब को सलाह दी थी।
परंतु मिस्टर शुक्ला को अचानक डेढ़ बजे राजा साहब को टेलीफोन में चीखने की आशंकाएं हो रही थी, वे घबराए हुए थे।
मिस्टर शुक्ला जब गाडी़ से उतरे, राजा साहब पोर्च में खडे़ उनका इंतजार कर रहे थे।
राजा साहब से बस इतना ही कहते बना- आज उसने फिर बुरी तरह पी रखी है।
-देखिए उसने मेरा हाथ किस बुरी तरह काटा है।
राजा साहब के हाथ में खून बह रहा था। पट्टी बंधी हुई थी। गुस्से से पसीना-पसीना हो रहे थे।
-मैं यह अपमान नहीं सह सकता।
दिग्वी का चेहरा तमतमाया हुआ था। दूसरे हाथ से वे अपने हाथ को थामे थे। उनका पूरा बुशर्ट पसीने से भीग गया था।
(क्रमशः)




