टीवी स्क्रीन से दूर, पर ट्रैवल व्लॉगर के रूप में सक्रिय हैं दीप्ति

आज जन्मदिन

दीप्ति भटनागर…
अपने बचपन से साड़ियों में सबसे ज़्यादा खूबसूरत मुझे यही लगती हैं और ये जितनी खूबसूरत हैं, उतनी ही खूबसूरत उनकी फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री की कहानी है।

90 के दशक में अपने सुपरहिट शो यात्रा और मुसाफिर हूं यारों से घर-घर में पहचान बनाने वाली दीप्ति का एंटरटेनमेंट की दुनिया में आने का कोई प्लान नहीं था।
आज 30 सितंबर को उनके जन्मदिन पर जानते हैं कि कैसे मेरठ की एक बिजनेस वुमन अचानक भारतीय टेलीविजन का एक बेहद लोकप्रिय चेहरा बन गई।

दीप्ति भटनागर का जन्म मेरठ में हुआ और वहीं से उनकी पढ़ाई-लिखाई भी हुई। कॉलेज के दिनों में वह बैडमिंटन की स्टेट लेवल प्लेयर थीं।
साल 1990 में उन्होंने ईव्स वीकली मिस इंडिया का खिताब जीता।
मिस इंडिया बनने के बाद भी दीप्ति ने ग्लैमर को अपना फुल-टाइम करियर नहीं बनाया था.
वो मेरठ में अपनी हैंडीक्राफ्ट्स और टेक्सटाइल फैक्ट्री चलाती थीं.

साल 1992 में वह मुंबई अपनी उसी कंपनी के प्रमोशन के सिलसिले में एक अच्छी एड एजेंसी की तलाश में आई थीं.
लेकिन जब वह एड एजेंसी के ऑफिस पहुंचीं, तो वहां के लोगों को वो इतनी खूबसूरत लगी कि उन्होंने दीप्ति को खुद ही रूपमिलन साड़ी के विज्ञापन का ऑफर दे दिया और इसके बाद अगले 15 दिनों में उन्होंने करीब 12 बड़े विज्ञापन साइन कर लिए। यहीं से उनका करियर पूरी तरह मॉडलिंग की तरफ मुड़ गया।

विज्ञापनों में सफलता मिलने के बाद उन्हें फिल्मों के ऑफर आने लगे।

बहुत कम लोग जानते हैं कि ब्लॉकबस्टर फिल्म कभी हाँ कभी ना में लीड एक्ट्रेस के लिए सबसे पहले दीप्ति भटनागर को कास्ट किया गया था। यहाँ तक कि खुद शाहरुख खान ने उन्हें करीब एक हफ्ते तक इस रोल के लिए एक्टिंग की ट्रेनिंग और रिहर्सल भी कराई थी।
लेकिन दीप्ति उस समय एक्टिंग को लेकर बिल्कुल भी comfortable नहीं थीं। वो मॉडलिंग तो आसानी से कर लेती थीं, लेकिन एक्टिंग के नाम से उन्हें घबराहट होती थी। जब फिल्म के फाइनल सिलेक्शन के लिए उनका स्क्रीन टेस्ट होने वाला था, तो वो उस डर के मारे वहां से भाग गईं।
दीप्ति ने खुद एक इंटरव्यू में माना था कि उनका कभी भी फिल्मों में आने का मन नहीं था, वो बस किस्मत से मॉडलिंग में आ गई थीं.

इसके बाद 1995 में उन्होंने फिल्म राम शास्त्र से अपना एक्टिंग डेब्यू किया।
आगे चलकर उन्होंने आमिर खान स्टारर मन और तेलुगु की ब्लॉकबस्टर फिल्म पेल्ली संददी में काम किया। उन्होंने हॉलीवुड की एक एक्शन फिल्म इनफर्नो में भी एक छोटा किरदार निभाया था।

इसी शुरुआती दौर में दीप्ति ने एक कंडोम का टीवी विज्ञापन भी किया था। आज के समय में यह सामान्य बात हो सकती है, लेकिन 90 के दशक के रूढ़िवादी समाज में इस बोल्ड विज्ञापन को लेकर काफी बवाल मचा था। काफी हंगामे के बाद आखिरकार उस विज्ञापन को टीवी से हटाना पड़ा था। लेकिन इस विवाद ने दीप्ति को रातों-रात और ज्यादा मशहूर कर दिया।

साल 2001 तक फिल्मों में काम करने के बाद दीप्ति ने एक्टिंग से दूरी बनाई और अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस शुरू किया।
उन्होंने स्टार प्लस पर आने वाले आध्यात्मिक शो यात्रा को होस्ट किया।
ये एक धार्मिक शो था, जिसके जरिए उन्होंने देश के हजारों प्राचीन मंदिरों के दर्शन कराए। रविवार की सुबह इस शो में उनकी शांत आवाज और सादगी करोड़ों भारतीयों के घरों का हिस्सा बन गई थी।
वहीं उनका दूसरा शो मुसाफिर हूं यारों के लिए उन्होंने लगभग 6 साल में दुनिया के 80 से ज्यादा देशों का सफर तय किया।

दीप्ति ने रणदीप आर्या से शादी की है।
दोनों की पहली मुलाकात एक फेयर एंड लवली के विज्ञापन की शूटिंग के दौरान हुई थी।
मज़ेदार बात यह थी कि इस एड फिल्म में दोनों ने पति-पत्नी का किरदार निभाया था। इसी शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए और उन्हें प्यार हो गया।
एड की शूटिंग के दौरान ही दोनों ने उसी साल सगाई कर ली और 8 साल लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने शादी कर ली।

जहां आज के समय में सेलिब्रिटीज करोड़ों रुपये खर्च करके डेस्टिनेशन वेडिंग करते हैं, वहीं दीप्ति भटनागर जैसी मशहूर अभिनेत्री और मिस इंडिया वर्ल्ड ने बेहद सादगी से और बहुत ही कम खर्च में, सिर्फ 1100 रुपये में कोर्ट मैरिज की थी।
इस शादी से उनके दो बेटे शुभ और शिव हैं।

रणदीप आर्या असल में सुपरस्टार धर्मेंद्र के चचेरे भाई और मशहूर पंजाबी अभिनेता वीरेंद्र के बेटे हैं। इस तरह दीप्ति रिश्ते में देओल परिवार की बहू बनीं।

आज दीप्ति टीवी स्क्रीन से दूर हैं, अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन बिता रही हैं
वे सोशल मीडिया और अपने यूट्यूब चैनल के जरिए आज भी एक ट्रैवल व्लॉगर के रूप में एक्टिव हैं और दुनिया भर की खूबसूरत जगहें अपने फैंस को दिखाती रहती हैं।

मेरठ से निकलकर पूरी दुनिया का सफर तय करने वाली दीप्ति भटनागर को जन्मदिन की शुभकामनाएं

#happybirthday #bollywood #films