
पाटनखास पुलिस ने 5.33 लाख के माल सहित तस्कर को दबोचा
अंबागढ़ चौकी/राजनांदगाँव। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पाटनखास पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महाराष्ट्र की ओर से कार में भरकर लाई जा रही मध्यप्रदेश निर्मित अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। मामले में एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 198 बल्क लीटर शराब, एक कार और मोबाइल सहित कुल 5.33 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पाटनखास चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 31 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की आरिया कार (क्रमांक MH31DX3100) में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर महाराष्ट्र से ग्राम बंजारी की ओर लाई जा रही है।
सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने बोरी-बंजारी मार्ग पर महुआ झाड़ के पास घेराबंदी की। संदेह के आधार पर जब उक्त कार को रोककर तलाशी ली गई, तो वाहन के भीतर से मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 14 पेटी और बटवाइजर बीयर की 6 पेटी (कुल 20 पेटी, 198 बल्क लीटर) अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से कार चालक स्वप्निल रहिले (29 वर्ष), निवासी ग्राम देवरी, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) को हिरासत में ले लिया। जब्त शराब की कीमत लगभग 1.23 लाख रुपये आंकी गई है, वहीं प्रयुक्त कार और मोबाइल मिलाकर कुल 5,33,300 रुपये का माल जब्त किया गया है।
पूछताछ के दौरान शराब तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में भी अहम सुराग मिले हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ जिले में यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


