
राजनांदगाँव में चल रही बिजली विभाग की मनमानी
राजनांदगाँव। बिजली विभाग का तरीका भी अजब है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग दिन घंटों बिजली बंद की जा रही है और इस कटौती को नाम दिया गया है मानसून पूर्व विद्युत लाईनों और उपकरणों में आवश्यक सुधार कार्य। अब इस विभाग को कौन समझाए कि मानसून तो बीत चुका है, अभी उसके नाम से कटौती क्यों?

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी कंपनी लिमिटेड राजनांदगाँव इस समय घंटों बिजली कटौती कर रहा है। बकायदा विज्ञप्ति जारी कर कई घंटों की घोषित कटौती तो की ही जा रही है, दिन में कई बार अघोषित कटौती भी की जा रही है। घोषित कटौती को बिजली विभाग ने जो नाम दिया है, वह भी समझ से परे है। विभाग कहता है कि मानसून पूर्व विद्युत लाईनों और उपकरणों में आवश्यक सुधार कार्य के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक विद्युत प्रवाह बंद रहेगा। मानसून बीत चुका है और दीपावली का त्यौहार सामने है। ऐसे समय में बिजली कटौती मानसून के नाम से… गजब है!!!

बिजली विभाग ने बिजली कटौती का जो कारण बताया है, वह तो है ही हास्यास्पद लेकिन 24 अक्टूबर से लेकर 5 नवम्बर तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिजली कटौती का समय जारी कर दिया गया है। विभाग के सहायक अभियंता के हस्ताक्षर से जारी बिजली कटौती के आदेश में यह भी लिखा है कि आवश्यकतानुसार समयावधि घटाई या बढा़ई जा सकती है।

