
गोंडवाना एक्सप्रेस में चेकिंग स्टाफ की तत्परता आई काम,
यात्रियों की सूचना पर टीटीई मनोज कुमार ने दिखाई मुस्तैदी, जीआरपी डोंगरगढ़ को सौंपा गया मादक पदार्थ
राजनांदगाँव/डोंगरगढ़। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) नागपुर मंडल के अंतर्गत ट्रेन संख्या 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग स्टाफ और सतर्क यात्रियों की सूझबूझ से नशीले पदार्थों की तस्करी का एक मामला पकड़ा गया है। ट्रेन के एस-4 कोच में लावारिस हालत में रखे एक बैग से टेप से पैक गांजे का बड़ा बंडल बरामद कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी डोंगरगढ़ को सौंप दिया गया।
घटना 2 सितंबर की है। उप मुख्य चल टिकट निरीक्षक (नागपुर) मनोज कुमार बिलासपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में टिकट चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे। कोच एस-4 में टिकट जांच के दौरान बर्थ संख्या 17 और 18 पर अकलतरा से नागपुर की यात्रा कर रहे यात्री सुधाकर खरे और तासु बनर्जी ने उन्हें सीट के पास काफी देर से पड़े एक लावारिस बैग के बारे में जानकारी दी।
टीटीई मनोज कुमार ने तत्परता दिखाते हुए कोच के अन्य यात्रियों से बैग के मालिकाना हक को लेकर पूछताछ की। जब किसी ने भी बैग पर दावा नहीं किया, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कमर्शियल कंट्रोल रायपुर को दी। सूचना मिलते ही रेल सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
जीआरपी डोंगरगढ़ के कर्मचारियों द्वारा लावारिस बैग की गहन जांच करने पर वह पूरी तरह से टेप से पैक पाया गया। बैग खोलने पर उसमें से संदिग्ध मादक पदार्थ (गांजा) का एक बड़ा पैकेट बरामद हुआ। जीआरपी ने गांजे को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी दिलीप सिंह ने टिकट चेकिंग स्टाफ मनोज कुमार के साथ-साथ सूचना देने वाले जागरूक यात्रियों की सतर्कता की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेल परिसर को अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने में सजग यात्रियों और कर्तव्यनिष्ठ रेल कर्मियों का समन्वय बेहद सराहनीय है।


