
2 नवम्बर को कार्यालय में उपस्थित होने का फरमान
राजनांदगांव। कार्यालय तहसीलदार एवं व्यवस्थापक राजगामी संपदा राजनांदगांव द्वारा गोलबाजार स्थित व्यावसायिक परिसरों और दुकानों के संचालन को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। राजगामी संपदा द्वारा जारी सूचना पत्रों के माध्यम से बकाया किराएदारों और अवैध रूप से दुकान संचालित करने वालों को अंतिम चेतावनी दी गई है। इसी कड़ी में कुल 15 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
प्रथम मामले के अनुसार, राजगामी संपदा के मटन मार्केट डिमांड प्लाट क्रमांक के अंतर्गत आवंटित एक दुकान का किराया पिछले 33 वर्षों से जमा नहीं किया गया है। तहसीलदार एवं व्यवस्थापक द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह कृत्य दुकान आवंटन अनुबंध का स्पष्ट उल्लंघन है। संबंधित आवंटी को 2 नवंबर 2026 को कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर लंबित किराए की राशि जमा करने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि राजगामी संपदा का यह व्यावसायिक परिसर नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा मांस विक्रय हेतु चिंहांकित स्थल नहीं है। अतः किराया भुगतान के पश्चात भविष्य में इस स्थल पर मांस का विक्रय नहीं किया जा सकेगा, हालांकि अन्य वैध व्यावसायिक गतिविधि संचालित की जा सकती है। तय तिथि तक भुगतान न करने पर एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए दुकान को रिक्त कर कब्जा प्राप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरे मामले में, गोलबाजार स्थित व्यावसायिक परिसर की एक अन्य दुकान का संचालन किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किया जाना पाया गया है, जबकि दुकान का वास्तविक आवंटन उनके नाम पर नहीं है। इस संबंध में संबंधित व्यक्ति को वैध दस्तावेज या आवंटन पत्र के साथ 2 नवंबर 2026 को अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। दस्तावेज प्रस्तुत न करने या अनुपस्थिति की स्थिति में दुकान को रिक्त कराकर कब्जा लेने की एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। राजगामी संपदा के इस कड़े रुख से अनधिकृत कब्जाधारियों और बकायादारों में हड़कंप मच गया है।




