
जन्मदिन मना रहे आज राजकुमार
प्रीति सिंह, गाजियाबाद, उत्तरप्रदेश
Rajkummar Rao
मेरे नाम में दो M लगे हैं, दूसरा M मेरी माँ के लिए है क्योंकि मेरी माँ अंक ज्योतिष में बहुत विश्वास रखती है…
दरअसल जब राजकुमार यादव की गाड़ी फ़िल्मों में चलने लगी तब उनकी माँ ने उनसे कहा था कि तुम अपने नाम में यादव की जगह राव लिखो..
लेकिन गुड़गांव में खड़ी गाड़ी का स्टीयरिंग पकड़कर फ़िल्म इंडस्ट्री तक लाने का सफ़र आसान नहीं था.. ऊबड़ खाबड़ रास्तो से होकर पहले पुणे में पार्क करनी पड़ी फिर डेंटिंग पेंटिंग कराके तब मुंबई पहुँची..
राजकुमार राव का जन्म हरियाणा के गुड़गांव में हुआ था, उनके पिता सत्य प्रकाश यादव रेवन्यू डिपार्टमेंट में काम करते थे और उनकी माँ एक हाउसवाइफ थी,
इसके बाद भी उनके आर्थिक हालात ज़्यादा ठीक नहीं थे, एक बार तो परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी ख़राब हो गई थी कि उनकी दो साल की स्कूल फीस इनके एक मास्टर साहब ने भरी थी।
राजकुमार जब स्कूल में पढ़ते थे तब वो एक लड़की से प्यार से करते थे लेकिन उस लड़की का पहले से एक बॉयफ्रेंड था, जैसे ही उसके बॉयफ्रेंड को पता चला कि राजकुमार उसकी गर्लफ्रेंड को डेट कर रहे हैं, तो वो भड़क गया, और उसने राजकुमार को सबक सिखाने के लिए 25 लड़को को बुलाया, जिन्होंने उनकी बहुत पिटाई की थी
राजकुमार स्कूल के दिनों से ही नाटकों में भी भाग लिया करते थे, लेकिन उनके एक्टिंग के सपनों को उड़ान तब मिली जब वो दिल्ली अपनी ग्रेजुएशन करने गए..
यही से वो क्षितिज ग्रुप थिएटर के साथ नाटक करने लगे..
राजकुमार शौक़िया नाटक करते थे लेकिन उन्होंने एक्टिंग को अभी तक ऐज़ ए करियर नहीं चुना था,
एक बार उन्होंने मनोज वाजपेयी की फ़िल्म देखी बस उसी वक़्त से उन्होंने सोच लिया था कि अब वो भी एक्टर बनेंगे…
और फिर एक्टिंग सीखने पुणे चले गए जहाँ उन्होंने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) में एडमिशन ले लिया..
शुरुआती दो साल मुंबई में उनके लिए बहुत कठिन थे। अपने स्ट्रगल के दिनों में राजकुमार राव कई कई किलोमीटर तक साइकिल चलाकर थिएटर और ऑडिशन के लिए जाया करते थे।
कई बार उनके बैंक अकाउंट में सिर्फ 18 या 20 रुपये बचे होते थे। वह अक्सर पारले-जी बिस्कुट खाकर और पानी पीकर पूरा दिन गुजार देते थे ताकि पैसे बच सकें। इस दौरान उनके यार दोस्त उनके बहुत काम आए…
इसीलिए कुछ हो या ना हो लेकिन यार दोस्त जरूर चाहिए
राजकुमार रोज ऑडिशन देने जाते, लेकिन हर जगह से एक ही जवाब मिलता था कि
तुम्हारी रंगत हीरो जैसी नहीं दिखती है…तुम्हारी कद-काठी एक लीड एक्टर वाली नहीं है। कई बार तो कास्टिंग डायरेक्टर्स उन्हें यहाँ तक कह देते थे कि
“ उनकी आइब्रो सही शेप में नहीं है…”
कई लोग इतने रिजेक्शन से टूट जाते हैं, और वापस घर जाने की सोचने लगते हैं लेकिन राजकुमार ने ठान लिया था कि वह लुक्स के दम पर नहीं, बल्कि अपने काम के दम पर पहचान बनाएंगे। इसीलिए वह छोटे से छोटे ऑडिशन में भी अपनी पूरी जान लगा देते थे।
शुरुआत उन्होंने छोटे-मोटे ऐड में काम करके की ऐड में काम करने के बाद कभी वो महीने में 10 हजार कमा लेते थे। कई बार ऐसा होता था कि महीने भर काम नहीं मिलता था..
ऑडिशन के लिए दर-दर भटकते थे, फिर भी कोई काम नहीं मिलता था। उनका सपना था बड़े प्रोजेक्ट्स में काम करना लेकिन उन्हें छोटे रोल ही ऑफर होते थे।
आखिरकार, वो दिन आ गया जब उनकी किस्मत पलटी और २०१० में रामगोपाल वर्मा ने अपनी फ़िल्म रन में उन्हें एक छोटा सा रोल दे दिया..
लेकिन अभी क़िस्मत ने उन्हें और आज़माना बाक़ी था, उस फ़िल्म को करने के बाद भी उन्हें काम नहीं मिल रहा था, इसी बीच उन्होंने फ़िल्म लव सेक्स धोखा के लिए ऑडिशन दिया, उन्हें उम्मीद थी कि इस ऑडिशन के दम पर उन्हें इस फिल्म में काम मिल जाएगा लेकिन कई दिन तक कोई कन्फर्म कॉल ही नहीं आया..थक हार कर उन्होंने इंतज़ार करना बंद कर दिया और दूसरे ऑडिशन देने लगे…
और अधिकतर आपने देखा होगा कि जब हम किसी चीज़ को ढूँढना बंद कर देते हैं तब अचानक वो चीज़ हमारे सामने आकर खड़ी हो जाती है..
तो ऐसे ही हुआ…
एक दिन राजकुमार घर पर थे, फ़ोन की घंटी बजी, उन्होंने फोन उठाया और कहा, कौन ?
उधर से आवाज़ आई कि वो फ़िल्म के लिए सेलेक्ट हो गए हैं, ये सुनकर राजकुमार की ख़ुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने सबसे पहले कॉल करके अपनी माँ को बताया कि उन्हें फ़िल्म मिल गई ..
फ़िल्म में राजकुमार की एक्टिंग को लोगो ने नोटिस किया और २ करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने १० करोड़ रुपये कमाए..
फ़िल्म लव सेक्स और धोखा में राजकुमार की एक्टिंग को देखकर अनुराग कश्यप ने उन्हें GOW-२ में साइन कर लिया..
इस फिल्म में उन्होंने शमशाद आलम के रोल में काम किया था। रोल में परफेक्ट तरीके से ढलने के लिए वो वासेपुर गए और कई दिनों तक वहां रहकर उन्होंने वहां की बोलचाल सीखी…
और २०१४ में उन्होंने अपने नाम से यादव हटाकर राव जोड़ लिया.. साथ ही अपने नाम में एक एक्स्ट्रा M लगा लिया..
और उसके बाद राजकुमार राव ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा, तबसे लगातार शाहिद, स्त्री, बरेली की बर्फी, शादी में जरूर आना जैसी शानदार फिल्में देकर साबित किया कि एक मामूली सा दिखने वाला लड़का भी दिलों पर राज कर सकता है..
जो लोग आपको आपकी कमियाँ बताते हैं, वही आपकी ताकत बन सकती हैं। राजकुमार ने अपने साधारण लुक को ही अपनी सबसे बड़ी यूएसपी बना लिया था…
क्योंकि
“जब आपके पास कोई प्लान Plan-B नहीं होता, तो आप Plan-A को कामयाब बनाने के लिए अपनी जान लगा देते हैं।”
हंसल मेहता की फ़िल्म शाहिद के लिए राजकुमार को बेस्ट एक्टर का नेशनल अवार्ड मिला..इसके बाद क्वीन , अलीगढ़, ट्रैप्ड में उनके अभिनय की तारीफ हुई , और साल २०१७ में आई फिल्म बरेली की बर्फी के बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड मिला..
साल २०१८ में आई फिल्म स्त्री ब्लॉकबस्टर रही और ये फ़िल्म करियर में अब तक सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बनी..
अपने एक इंटरव्यू में इस फिल्म के डायरेक्टर अमर कौशिक ने बताया था कि
राजकुमार राव एक ऐसे इंसान हैं जिनसे आप अपने दिल से की बातें शेयर कर सकते हैं और वह बहुत ही ध्यान से आपकी बातें सुनते हैं। वे बेहद ही सात्विक खाना खाते हैं और पूर्ण रूप से शाकाहारी हैं ..
सेट पर सबसे ज्यादा छिछोरे या मस्तीखोर अगर कोई थे तो वो थे राजकुमार राव। और उनकी क्वालिटी ये है कि वो अपने डायलॉग तो याद रखते ही हैं लेकिन सामने वाले एक्टर के डायलॉग भी उन्हें याद होते थे। तो अगर सामने वाला कभी अपने डायलॉग भूल जाता था तो राजकुमार खुद उसे याद दिलाया करते थे।
राजकुमार राव को 90 के दशक का लगभग हर गाना याद है। वो पुराने गाने ना सिर्फ सुनना पसंद करते हैं बल्कि उन्हें हर गाने का सिग्नेचर स्टेप भी याद है। वे सेट पर हम सबके सामने इन गानों पर सिग्नेचर स्टेप करके दिखाया करते थे। सरकाई लो खटिया जाड़ा लगे से लेकर कई अजीबोगरीब गाने भी उन्हें पूरी तरीके से याद है।
राजकुमार राव की हालियाँ आने वाली फ़िल्मों में प्रहार है ये फ़िल्म प्रसिद्ध सरकारी वकील उज्जवल निकम की बायोपिक है, जो 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है …
इसके अलावा कीर्ति सुरेश के साथ उनकी फिल्म रफ़्तार भी शायद अक्टूबर 2026 को ही रिलीज हो सकती है ..
आपने राजकुमार राव की कौन सी फिल्म सबसे पहले देखी थी और उनकी कौन सी फिल्म आपको पसंद है?
#bollywood #films #RajkummarRao #happybirthday


