
लालबाग थाना पुलिस ने कायम किया मामला
राजनांदगांव। पेण्ड्री में भूमि सौदे के नाम पर एक महिला से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। लालबाग थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और विस्तृत जांच के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
ग्राम पेण्ड्री निवासी आवेदिका चंदाबाई खरे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ग्राम पेण्ड्री स्थित उनकी खसरा क्रमांक 548/6, रकबा 0.48 एकड़ (0.1916 हेक्टेयर) जमीन का सौदा आरोपियों के साथ कुल 2 करोड़ 5 लाख रुपये में तय हुआ था। सौदे के बाद आरोपियों ने उन्हें केवल 23 लाख रुपये दिए और बाकी के 1 करोड़ 61 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। आवेदिका द्वारा बकाया राशि मांगने पर आरोपी विवाद करने लगे और पुलिस को भी गुमराह करने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा दस्तावेजों की सूक्ष्मता से जांच की गई। जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया अपराध प्रमाणित पाए जाने पर लालबाग थाने में अपराध क्रमांक 391/2026, धारा 318(4) एवं 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में प्रवीण झलके, प्रभात जैन और लाला यादव के विरुद्ध नामजद अपराध दर्ज किया है। सीएसपी वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल द्वारा प्रकरण की विवेचना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


