
प्रीति सिंह, गाजियाबाद, उत्तरप्रदेश
कहते हैं बॉलीवुड में नाम कमाना आसान नहीं होता, लेकिन नाम कमाने के बाद उसे संभाल कर रखना उससे भी ज्यादा मुश्किल होता है।
आदित्य पंचोली जो 80 और 90 के दशक के एक जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता, निर्माता और प्लेबैक सिंगर हैं. वे अपनी शानदार कद-काठी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और गहरी कड़क आवाज के लिए पहचाने जाते हैं.
आज उनका जन्मदिन है वे बॉलीवुड के उन चुनिंदा अभिनेताओं में से हैं, जिनके पास एक सुपरस्टार बनने का हर मसाला मौजूद था लुक, टैलेंट और आवाज।
उन्होंने फ़िल्मों में हर तरह की भूमिकाएं की लेकिन हैरानी की बात ये है कि लोग उन्हें उनकी फिल्मों के लिए कम, बल्कि उनके विवादों के लिए ज्यादा याद करते हैं,
सबसे पहला विवाद तो इंटरनेट पर उनके जन्मदिन को लेकर ही है।
अक्सर इंटरनेट और विकिपीडिया पर आदित्य पंचोली का जन्मदिन 4 जनवरी 1965 लिखा हुआ मिलता है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह गलत है? खुद आदित्य पंचोली ने एक इंटरव्यू में साफ किया था कि सोशल मीडिया पर उनके जन्मदिन की गलत तारीख फैली हुई है। उनका असली और आधिकारिक जन्मदिन 12 सितंबर को होता है।
उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 1985 में दूरदर्शन के टीवी सीरियल्स और टेलीविजन फिल्मों जैसे शहादत और सोने का पिंजरा से की थी।
साल 1986 में उन्होंने फिल्म सस्ती दुल्हन महंगा दूल्हा से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, लेकिन लीड एक्टर के तौर पर उनकी फ़िल्में सफल नहीं हुईं,
साल 1990 में डायरेक्टर महेश भट्ट की फिल्म ज़ख़्मी जमीन से उन्हे बॉलीवुड में नोटिस किया गया। इस फ़िल्म में उन्होंने नेगेटिव किरदार निभाया था..
आदित्य पंचोली ने एक्ट्रेस ज़रीना वहाब से साल 1986 शादी की थी।
इन दोनों की शादी बॉलीवुड की सबसे दिलचस्प और जल्दबाजी में हुई शादियों में से एक मानी जाती है। जब ये दोनों मिले थे, तो किसी ने भी नहीं सोचा था कि इनका रिश्ता जिंदगी भर चलेगा।
ये बात साल 1986 की है। फिल्म निर्माता नारी हीरा एक शॉर्ट फिल्म बन रही थी जिसका नाम था कलंक का टीका। इस फिल्म के सेट पर आदित्य और ज़रीना की पहली मुलाकात हुई। उस समय ज़रीना वहाब फिल्म इंडस्ट्री का एक बड़ा और स्थापित नाम थीं, जबकि आदित्य पंचोली नए-नए आए थे और स्ट्रगल कर रहे थे।
एक बार फिल्म की शूटिंग के दौरान आदित्य पंचोली को कैमरे के सामने एक रोने वाला सीन करना था। आदित्य उस सीन में इस कदर खो गए कि डायरेक्टर के कट बोलने के बाद भी उनके आंसू नहीं रुके। वह लगातार रोते रहे, जिसके कारण उस दिन की शूटिंग रोकनी पड़ी।
शूटिंग के बाद जब दोनों एक ही कार से वापस लौट रहे थे, तब ज़रीना ने आदित्य को परेशान देखकर उनका हाथ थाम लिया और उन्हें ढांढस बंधाया। उस पल आदित्य ने ज़रीना का हाथ और कसकर पकड़ लिया। बस, यही वो पल था जिसने दोनों के दिलों को जोड़ दिया।
दोनों के बीच प्यार इतनी तेजी से बढ़ा कि पहली मुलाकात के मात्र 15 से 20 दिनों के भीतर ही दोनों शादी के बंधन में बंध गए..
शुरुआत में ज़रीना का परिवार इस शादी के खिलाफ था, क्योंकि एक तो ज़रीना, आदित्य से 6 साल बड़ी थीं, दूसरा दोनों के बीच धर्म की दीवार थी,
जब इनकी शादी हुई, तो बॉलीवुड के कई लोगों का कहना था कि यह शादी एक महीना भी नहीं टिकेगी।
लेकिन तमाम मुश्किलों और आदित्य के अफेयर्स के विवादों के बावजूद, ज़रीना ने बहुत ही धैर्य से घर संभाला। आज दोनों की शादी को 40 साल होने वाले हैं।
आदित्य पंचोली ने साथी यस बॉस और आतिश जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में शानदार काम किया। यस बॉस में उनके विलेन के किरदार को फिल्मफेयर बेस्ट विलेन अवॉर्ड से नॉमिनेशन भी मिला। लेकिन, उनका शोर्ट टेम्पर होना उनके करियर पर भारी पड़ गया। वो फिल्मों से ज्यादा अपनी कंट्रोवर्सीज के लिए चर्चा में रहने लगे..
उनके जीवन से कुछ ऐसे बड़े विवाद जुड़े जिन्होंने उन्हें फ़िल्मी करियर से दूर कर दिया,
कंगना रनौत के साथ विवाद, आदित्य पंचोली के जीवन का सबसे बड़ा और सबसे ज़्यादा चर्चित विवाद रहा है
जब कंगना रनौत इंडस्ट्री में नई थीं, तब आदित्य पंचोली के साथ उनके रिश्ते की काफी चर्चा थी। बाद में कंगना ने आदित्य पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के बेहद गंभीर आरोप लगाए, इस मामले में पुलिस शिकायत भी दर्ज हुई थी और दोनों पक्षों के बीच काफी कानूनी लड़ाई चली।
साल 2013 में जब अभिनेत्री जिया खान ने सुसाइड किया, तो आदित्य के बेटे सूरज पंचोली पर आरोप लगे। यूं तो यह मामला उनके बेटे सूरज पंचोली से जुड़ा था, लेकिन पिता होने के नाते आदित्य पंचोली इसमें पूरी तरह शामिल थे,
इस पूरे केस के दौरान आदित्य पंचोली कोर्ट से लेकर मीडिया इंटरव्यूज में अपने बेटे का बचाव करते दिखे और इस दौरान मीडियाकर्मियों व जिया खान की मां राबिया खान के साथ उनकी कई तीखी बहसें भी हुईं।
आदित्य का गुस्सा फिल्म के सेट पर भी दिखता था। फिल्म साधु संत के सेट पर उन्होंने एक्टर गुलशन ग्रोवर के साथ मार-पीट की थी और फिल्म आतिश की शूटिंग के दौरान एक क्रू मेंबर के साथ उनकी हाथापाई की खबरें भी सामने आई थीं।
फिल्मी दुनिया से बाहर भी उनके गुस्से के कई किस्से आम रहे हैं।
साल 2005 में मुंबई में अपने पड़ोस में रहने वाले एक शख्स के साथ पार्किंग और रेनोवेशन को लेकर उनका इतना बड़ा झगड़ा हुआ कि उन्होंने उस पर हमला कर दिया, जिसके लिए उन्हें बाद में कोर्ट से सजा भी सुनाई गई थी।
वहीं साल 2015 में मुंबई के एक फाइव स्टार होटल के पब में उन्होंने अपनी पसंद का गाना न बजाने पर उन्होंने बाउंसरों और डीजे के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर ली थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था।
इन तमाम विवादों की वजह से धीरे-धीरे फिल्म मेकर्स ने उन्हें फिल्मों में साइन करना कम कर दिया, जिसके चलते एक बेहतरीन अभिनेता होने के बावजूद उनका करियर उस ऊंचाई पर नहीं पहुंच पाया जिसके वह हकदार थे।
इन सब विवाद के बावजूद, आदित्य पंचोली हमेशा से कैमरे के सामने बेहद बेबाक रहे हैं, उन्होंने अपने कई इंटरव्यूज में ऐसी बातें कही हैं, जो उनके फैंस को हैरान कर देती हैं..
जब शुरुआती दिनों में लोगों ने उनकी हल्की भूरी, हरी आँखों और विदेशी जैसे लुक्स के बारे में पूछा, तो उन्होंने हंसते हुए कहा था,
“लोग सोचते हैं कि मेरी फैमिली का कोई कनेक्शन विदेश से होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। मेरे माता-पिता राजस्थान के रहने वाले हैं। हो सकता है यह रंग उन्हें अपने दादा-दादी या नाना-नानी के जीन्स से मिला था।
जबकि हम आज जब वो इंटरव्यू देखते हैं तो उसका मजाक बनाने लगते हैं, जबकि आदित्य ने बहुत ही सहजता से उत्तर दिया था।
साल 2015 में जब उनके बेटे सूरज पंचोली बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे थे, तब दिए एक PTI इंटरव्यू में आदित्य पंचोली ने अपनी जिंदगी के सबसे बड़े पछतावे को स्वीकार किया था। उन्होंने कहा था कि
हर बाप अपने बेटे से कहता है कि वो उसके जैसा बने, लेकिन मैंने सूरज से साफ-साफ कहा है कि वो भूलकर भी मेरे जैसा न बने,
मैंने जिंदगी में बहुत सी गलतियां की हैं। मेरा गुस्सा और मेरा बर्ताव कभी किसी का भला नहीं कर सका। मैंने सूरज से कहा है कि जो कुछ भी मैंने अपनी जिंदगी में आज तक किया है, वह उसका बिल्कुल उल्टा करे।
आदित्य पंचोली ने कभी भी मीडिया के सामने अपनी छवि को सुधारने के लिए झूठ का सहारा नहीं लिया, बल्कि अपनी कमियों और गुस्से को हमेशा कैमरे पर खुलेआम स्वीकार किया।
मोरल ऑफ़ द स्टोरी ये है आदित्य पंचोली के पास टैलेंट, लुक और आवाज सब कुछ था। अगर उनका गुस्सा उनके आड़े न आता, तो शायद वो आज बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्ट्स की कतार में होते।
आप क्या सोचते हैं..?
आदित्य पंचोली को उनके जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाएं!
#bollywood #films #actor


