
पद से हटाने, तत्काल गिरफ्तारी और मतदाता सूची में बदलावों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग को लेकर कांग्रेस का आर-पार का ऐलान
राजनांदगाँव/नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने ज्ञानेश कुमार के निर्णयों और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में आंदोलन को और तेज करने का फैसला किया है। विरोध प्रदर्शन के दूसरे चरण के तहत कांग्रेस आगामी सोमवार, 28 सितंबर 2026 को देश भर के सभी जिला कलेक्ट्रेट तक विशाल विरोध मार्च निकालेगी। इस दौरान ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया जाएगा।
एआईसीसी महासचिव एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल द्वारा सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों (PCC) और जिला/महानगर कांग्रेस कमेटियों (DCC) के अध्यक्षों को जारी किए गए आधिकारिक निर्देश में कहा गया है कि इन विरोध मार्चों का समापन ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करके किया जाए। इसके साथ ही कांग्रेस ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी, उन्हें पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए सभी निर्णयों व मतदाता सूची में किए गए बदलावों की व्यापक और स्वतंत्र समीक्षा की पुरजोर मांग उठाई है।
जब तक कार्रवाई नहीं, तब तक जारी रहेगा आंदोलन
निर्देश पत्र में स्पष्ट किया गया है कि कांग्रेस का यह विरोध तब तक निरंतर जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया नहीं जाता, उनकी गिरफ्तारी नहीं होती और उन्हें कानून के अनुसार दंडित नहीं किया जाता।
इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए पार्टी के सभी स्तरों पर सक्रिय और अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसमें पीसीसी पदाधिकारी, डीसीसी नेतृत्व, सीएलपी नेता, विधायक, विधान परिषद सदस्य, सांसद, स्थानीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, फ्रंटल संगठन, विभिन्न विभाग, प्रकोष्ठ और जमीनी स्तर के कार्यकर्ता एकजुट होकर शामिल होंगे।
पार्टी आलाकमान ने इस आयोजन को अत्यंत आवश्यक मानते हुए तत्काल अनुपालन के आदेश दिए हैं। पूरे कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की निगरानी के लिए एआईसीसी कनेक्ट सेंटर और केंद्रीय कंट्रोल रूम सीधे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व के साथ समन्वय बनाकर नज़र रखेंगे।


