साल्हेवारा के युवाओं ने दिखाया उत्साह, उपमुख्यमंत्री से हुआ सीधा संवाद

वनवासी विकास समिति की युवा वर्ग-2026 कार्यशाला में छत्तीसगढ़ की दशा-दिशा, रोजगार और विजन-2047 पर हुई चर्चा

राजनांदगाँव/साल्हेवारा। वनवासी विकास समिति छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में युवा वर्ग-2026 की त्रिदिवसीय कार्यशाला 18 से 20 सितंबर तक ग्रेसियस कॉलेज, अभनपुर (रायपुर) में आयोजित की गई। प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यशाला के द्वितीय दिवस छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पहुंचकर युवा कार्यकर्ताओं से प्रश्नोत्तरी के माध्यम से सीधा संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने प्रदेश की वर्तमान स्थिति, विकास की दिशा, रोजगार तथा युवा शक्ति की भूमिका से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

इसी क्रम में केसीजी जिले के वनांचल साल्हेवारा से वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यकर्ता रामश्याम पटेल ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से संवाद करते हुए छत्तीसगढ़ की दशा-दिशा में सकारात्मक बदलाव को लेकर अपने विचार एवं सवाल रखे। उपमुख्यमंत्री ने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला एवं युवा वर्ग के लिए संचालित रोजगारपरक योजनाओं तथा विजन-2047 के लक्ष्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला में युवाओं के व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से योग, प्राणायाम, खेल, प्रश्न मंच एवं बौद्धिक सत्र सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने सभी गतिविधियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

साल्हेवारा से डॉ. रणजीत सिंह देशमुख, कार्यकारिणी सदस्य वनवासी कल्याण आश्रम, रामश्याम पटेल, कार्यकर्ता वनवासी कल्याण आश्रम सहित ओम प्रकाश यादव, देवकुमार साहू, विजय मेरावी, तारण धुर्वे, विकास मरकाम, आरती निषाद, सोनाली परते, भूमिका सोरी, योगेश्वरी मरकाम एवं अंजली बड़ा ने कार्यशाला में सहभागिता की।

कार्यशाला में युवाओं को सामाजिक चेतना, नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक भावना एवं राष्ट्रहित के प्रति जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।