मोहारा और धमतरी से उत्तराखंड निर्मित 19 लाख की और शराब बरामद

दो आरोपी गिरफ्तार, मामले में अब तक 14 आरोपी पकडे़ जा चुके

राजनांदगाँव। मोहारा पुलिस चौकी पुलिस की
एंड-टू-एंड विवेचना से अवैध शराब नेटवर्क की कड़ियां लगातार खुल रही हैं। पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 19 लाख रूपए से अधिक मूल्य की उत्तराखंड निर्मित 9 हजार 600 बोतल जब्त किया है। इस मामले में अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी (27 वर्ष) एवं रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर (55 वर्ष) को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 200 पेटी अर्थात 9,600 नग उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रिट अंग्रेजी शराब, कुल 1,728 बल्क लीटर, जब्त किया है। मामले में अब तक कुल 14 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शराब के भंडारण और परिवहन में प्रयुक्त 2 कार एवं 2 मोबाइल फोन सहित कुल ₹19.05 लाख की सामग्री जब्त की गई है। शराब की सप्लाई चेन, स्रोत, भंडारण और वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है। डिजिटल साक्ष्यों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 537/2026 में धारा 34(2), 36, 49(क), 59(क) आबकारी अधिनियम तथा धारा 111, 336(3), 338, 340(2), 238, 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना की जा रही है।पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान सामने आए तथ्यों एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा आज 25 सितम्बर 2026 को 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी पिता कुमार वर्मा, उम्र 27 वर्ष, निवासी मोहारा, पुलिस चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़ की निशानदेही पर ग्राम मोहारा में उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रिट अंग्रेजी शराब की 50 पेटियां जप्त की गईं। प्रत्येक पेटी में 48 नग के हिसाब से कुल 2,400 नग बोतल, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 432 बल्क लीटर शराब, जिसकी अंकित कीमत ₹91,200/- है, बरामद की गई। इसके अतिरिक्त 1 सफेद रंग की Creta कार एवं 1 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। आरोपी से जप्त सामग्री की कुल कीमत ₹11,12,000/- अंकित है। दूसरे आरोपी रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर पिता स्व. अमृत लाल राजपूत, उम्र 55 वर्ष, निवासी बैकुंठधाम अम्रपाली, वैशाली नगर, वार्ड क्रमांक 35, भिलाई, जिला दुर्ग की निशानदेही पर कचना चौकी बिरेझर जिला धमतरी के फार्महाउस से उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रिट अंग्रेजी शराब की 150 पेटियां जब्त की गईं। प्रत्येक पेटी में 48 नग के हिसाब से कुल 7,200 नग बोतल, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 1,296 बल्क लीटर शराब जिसकी अंकित कीमत ₹2,73,600/- है बरामद की गई। इसके अतिरिक्त 1 सफेद रंग की Brezza कार एवं 1 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। आरोपी से जप्त सामग्री की कुल कीमत ₹7,93,000/- अंकित है।

इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल 200 पेटी 9,600 नग शराब की बोतलें कुल 1,728 बल्क लीटर शराब 2 चारपहिया वाहन एवं 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जप्त सामग्री की कुल कीमत ₹19,05,000/- है।

प्रकरण की विवेचना में सामने आया है कि रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर द्वारा अपने अन्य सहयोगियों के साथ उक्त शराब मंगवाकर भंडारित किया गया था तथा सहयोगियों के माध्यम से शराब की सप्लाई की जाती थी। वहीं महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी द्वारा उक्त शराब मोहारा क्षेत्र में बिक्री के लिए प्राप्त किया जाना सामने आया है। प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर शराब के स्रोत, परिवहन, भंडारण एवं वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जब्त वाहनों एवं मोबाइल फोन से प्राप्त जानकारी तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियों को चिन्हित करने तथा प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस अधीनस्थ अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में प्रकरण की विवेचना एवं कार्रवाई में निरीक्षक विनय पम्मार, निरीक्षक शंकर गिरी गोस्वामी, प्रधान आरक्षक महादेव साहू, आरक्षक राम खिलावन सिन्हा, आरक्षक परिवेश वर्मा, आरक्षक ऋषि दास, आरक्षक मनी ठाकुर, आरक्षक मिथलेश पटेल, आरक्षक जीवन ठाकुर, . आरक्षक मनीष वर्मा, आरक्षक खिलेश पटेल, आरक्षक शत्रुघ्न सिंह की मुख्य भूमिका रही।राजनांदगांव पुलिस की अवैध शराब एवं संगठित आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।