
मेरठ की अदालत ने सुनाई सजा
मेरठ के सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में उसकी पत्नी मुस्कान और पत्नी के प्रेमी साहिल शुक्ला को मेरठ की एक अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है।
चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड जिसे ‘नीला ड्रम हत्याकांड’ के नाम से भी जाना जाता है केस में मेरठ की एक अदालत ने आज यानि 14 अक्टूबर 2025 को दोषी पाई गई सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाई है। अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने से पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दोनों से उनका पक्ष जाना गया था।
जब जज ने साहिल से पूछा कि क्या उसने पहले कभी कोई अपराध किया है तो उसने इनकार कर दिया। जब मुस्कान से पूछा गया कि वह क्या सजा चाहती है तो उसने रोते हुए कहा कि उसकी बेटी छोटी है उसका ख्याल रखा जाए।
उल्लेखनीय है कि 3 मार्च 2025 को मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके में सौरभ राजपूत की हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए सौरभ के शव को 5 टुकड़ों में काटा गया और फिर उसे एक नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से हमेशा के लिए जमा दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने 19 मार्च 2025 को मृतक की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया था। जुलाई 2025 में इस मामले का ट्रायल जिला अदालत में शुरू हुआ था। इसके बाद 30 सितंबर 2025 को कोर्ट ने दोनों को सौरभ की हत्या का दोषी करार दिया था और आज इन्हें फांसी की सजा मुकर्रर कर दी गई।
इस जघन्य हत्याकांड के सामने आने के बाद परिवार और समाज में भारी आक्रोश देखा गया। सजा के ऐलान से पहले बुधवार को मुस्कान के माता-पिता ने एक लिखित पत्र पुलिस के माध्यम से अदालत को सौंपा था। पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया था कि मुस्कान को चाहे जो भी सजा मिले उससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने लिखा कि वे कभी अपनी बेटी से नहीं मिलेंगे और उसे केवल फांसी होनी चाहिए। यहाँ तक कि उन्होंने मुस्कान की छोटी बेटी से भी किसी तरह का संबंध रखने से इनकार कर दिया था।
सरकारी वकील केके चौबे ने अदालत में दोनों के लिए कठोरतम सजा की मांग की थी जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए दोनों को फांसी की सजा सुनाई है।

