गुलदस्ता न लाएं, जरूरतमंद लोगों की करें मदद

बालोद कलेक्टर की अनूठी और प्रेरक पहल

राजनांदगाँव/बालोद। यदि आप कलेक्टोरेट आ रहे हैं और कलेक्टर या प्रशासन के किसी अफसर के पास किसी काम से आ रहे हैं तो आप अपने साथ गुलदस्ता लेकर न आएं। आप गुलदस्ते लाने की जगह कुछ ऐसा काम कर सकते हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों को फायदा हो। आप किसी जरूरतमंद बुजुर्ग की मदद कर सकते हैं। किसी बच्चे को क्षणिक सामग्री दे सकते हैं। पशु-पक्षियों के लिए दाने-पानी की व्यवस्था कर सकते हैं। यह प्रेरक और अनूठी पहल बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने की है।

सम्मान और स्वागत-सत्कार की परंपरा को समाजसेवा से जोड़ने की यह पहल लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। कलेक्टर दिव्या की पहल से कार्यालय के बाहर लगाया गया एक पोस्टर लोगों को गुलदस्तों के बजाय जरूरतमंदों की मदद करने के लिए प्रेरित कर रहा है। इस पोस्टर में अपील की गई है कि अतिथियों के स्वागत में गुलदस्ते भेंट करने के स्थान पर ऐसे कार्य किए जाएं जिनसे समाज के जरूरतमंद लोगों और प्रकृति को वास्तविक लाभ मिल सके।

पोस्टर के माध्यम से लोगों से जरूरतमंद बुजुर्गों की मदद करने, कुपोषित बच्चों के पोषण में योगदान देने और विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही पेड़-पौधों की सुरक्षा और बेजुबान पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने जैसे कार्यों के लिए भी लोगों को प्रोत्साहित किया गया है।

इस पहल का मूल संदेश है कि सम्मान केवल फूलों और गुलदस्तों तक सीमित न रहे बल्कि उसे जरूरतमंदों की सहायता और समाजहित के कार्यों से जोड़ा जाए। गुलदस्ते कुछ समय बाद मुरझा जाते हैं लेकिन किसी जरूरतमंद की मदद से मिलने वाली राहत और चेहरे पर आने वाली मुस्कान लंबे समय तक याद रहती है।

प्रशासन की ऐसी पहल नागरिकों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने का काम कर सकती है। जब नागरिक अपने विशेष अवसरों और स्वागत-सत्कार को सेवा कार्यों से जोड़ते हैं तो जरूरतमंदों को सहायता मिलने के साथ समाज में संवेदनशीलता और जनभागीदारी की भावना भी मजबूत होती है।