
प्रवीण सिंह, रायपुर
पत्रकार और राजनीतिज्ञ दोनों की व्याख्या पिछले कुछ अरसे में बदल गई है। ऐसा क्यों उसका उदाहरण देना चाहता हूं। अर्से पहले पत्रकार जो सच में पढ़ने लिखने वाले होते थे, वही रहते थे। घर परिवार से सम्पन्न होने के बावजूद उनके लिए पत्रकारिता एक मुहिम या आंदोलन का नाम था। भले ही हमारे संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बता दिया गया हो लेकिन सच ये है कि हमारे देश का संविधान अभी भी सिर्फ तीन मजबूत पिलरों में थमा हुआ है। मै ये नहीं कह रहा कि संविधान निर्माताओं ने ऐसा किया बल्कि जो बाबासाहब भीम राव अंबेडकर की सोच चौथे स्तंभ को मजबूत बनाने के लिए थी, उसे कुछ लोगों ने महज जुमला बना दिया।
संविधान के सभी स्तंभों को कौन कौन सा अधिकार है, मुझे बताने की जरूरत नहीं, लेकिन उसी घर के चौथे स्तंभ को न तो कोई अधिकार है और न ही उसके लिए आम लोगों से अलग कोई व्यवस्था ही है। अब ऐसे में बेचारा चौथा स्तंभ कैसे खड़ा रहकर लोकतंत्र के मंदिर की हिफाजत करे। मेरी पीड़ा चौथे स्तंभ को कोई शक्ति न देने को लेकर नहीं है, बल्कि मुझे खुद को जबरन चौथा स्तंभ कहलाकर आम लोगों के बीच तीनों स्तंभों की तरह उन्हीं की लाइन में खड़े होने की है।
अब मूल मुद्दे की बात करूं तो पत्रकारिता और राजनीति दोनों की परिभाषा सच में बदल गई है। अगर मैं चाहता तो अपनी कुछ बातों को एआई में लिख देता तो वो ऐसा एक बढ़िया लेख भेज देता, जैसा शायद मैं कभी लिख ही न पाऊं। आज यही सत्य है। पत्रकार बनने के लिए आपको बहुत जज्बाती होने की जरूरत नहीं है। आप अपनी खबरों में गरीब, जरूरतमंद और असहाय लोगों की तरफ से कुछ मत सोचो, क्योंकि अभी की स्क्रिप्ट एआई तैयार करके दे रही है। आपका काम चल रहा है। नौकरी चल रही है। एआई से आप पुराने पुरोधा पत्रकारों को भी गलत साबित कर सकते हैं। उनसे ज्यादा आंकड़े बता सकते हैं, लेकिन उनका तजुर्बा तब का है, जब न तो मोबाइल था, न इंटरनेट और न ही एआई। जिसकी वजह से आज के ज्यादातर नए पत्रकार भाई खुद को बहुत बड़ा मान बैठते हैं। आज भी बहुत सारे छोटे भाई बहन ऐसे हैं जो बहुत बढ़िया पढ़कर और अपनी मेहनत से पत्रकारिता कर रहे हैं। इस बात पर संदेह नहीं।
इस विषय पर लिखने के लिए पुराने लोगों के पास इतना है कि हर पुराना पत्रकार खुद की जिंदगी पर एक उपन्यास लिख दे। लेकिन मैं अब दूसरे मसले पर आता हूं, वो है नेता। नेता और अभिनेता में सिर्फ अभी का ही अंतर है क्योंकि जितना कठिन काम अभिनेता बनने का है शायद उससे ज्यादा कठिन काम नेता बनना है। क्योंकि नेता से अभी गायब है। इन्हें अभी नहीं बल्कि हमेशा कठिन परिश्रम करना पड़ता है हल्के अंदाज में कहूं तो।
लेकिन आजकल नेता बनने का भी शॉर्टकट आ गया है जिसे नेता ही सपोर्ट कर रहे हैं। हो सकता है मेरी सोच गलत हो लेकिन मैने किसी भी व्यक्ति के नेता बनने की प्रक्रिया को बहुत करीब से देखा है। बहुत आसान नहीं होता नेता बनना और उसके बाद जनप्रतिनिधि बनना। लोग कई दशकों तक अपने घर की संपत्ति लगाकर लोगों के बीच जाते हैं। अपनी मौजूदगी दर्ज करवाते हैं। उसके बाद भी उन्हें वैसा नेता बनने का अवसर नहीं मिलता, जैसा अभी कुछ सोशल मीडिया पोस्ट करने के बाद बिना मेहनत के कुछ लोगों को मिल जाता है। दोनों विषयों पर शायद अब पटरी बैठ रही है।
मौजूदा दौर में स्थिति ऐसी हो गई है की चौथा स्तंभ बनने के लिए आपको कोई पढ़ाई या इमोशन की जरूरत नहीं। वैसे ही नेता बनने के लिए आपको दशकों तक आम लोगों के बीच जाकर मेहनत करने की जरूरत नहीं। यही दुर्भाग्य है शायद कि जब लोगों को बिना मेहनत, बिना पढ़े कोई स्तंभ आसानी से मिल जाए या फिर उस स्तंभ की वे खुद पहचान बन जाने में सफल हो जाते हैं तो शायद उनकी सोच उस पुराने मकान को बचाने की नहीं होती बल्कि वे सोचते हैं कि जर्जर हो चुके पुराने घर को ढहाकर एक आलीशान बिना किसी स्तंभ के महल तैयार कर लें। शायद उन्हें पता ही नहीं कि बिना नींव और स्तंभ के महल की जिंदगी कितनी होती है।

