
मौलिकप्रभ जी का चातुर्मासिक प्रवचन
राजनांदगांव। “जैसी हमारी दृष्टि होगी वैसी हमारी सृष्टि भी होगी। एक विचार दृष्टि आत्मा ही सम्यक तत्वों को खोजेगी। यदि आत्मा विचार दृष्टि वाली नहीं है तो वह सम्यक तत्वों को नहीं खोजेगी।” उक्त उदगार खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य मौलिकप्रभ सागर जी ने व्यक्त किए।
मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन में चल रहे चातुर्मासिक प्रवचन की कड़ी में आज मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने फरमाया कि हमें सब कुछ यही छोड़ कर जाना है। जाने के बाद हमें किसी भी चीज की याद नहीं आएगी। माता-पिता, भाई-बहन,सभी रिश्तेदार,धन दौलत सब यहीं छूट जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर चीज के दो पहलु होते हैं एक अच्छा और एक बुरा। अब यह आपके ऊपर है कि आप किस पहलु को देखते हैं। विचार दृष्टि आत्मा ही सम्यक तत्वों को खोजेगी।
मुनि मौलिकप्रभ सागर जी ने कहा कि जिस शरीर के लिए हम इतना कुछ कर रहे हैं अंत में वह भी हमें छोड़ देगा या यह कह लें कि हम उसे छोड़कर चले जाएंगे। दिन के 24 घंटे होते हैं किंतु इन 24 घंटों में हमने अपने लिए कितना समय दिया, कितना समय धर्म के लिए दिया और कितना समय आत्मा के लिए दिया? क्यों हम धन, सोना – चांदी जोड़ने में लगे रहे? यह सब तो यहीं छूट जाएगा। उन्होंने कहा कि हम ऐसे श्रावक बने जो सम्यक तत्वों को ग्रहण करने में आतुर हो।




