वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन शर्मा पंच तत्व में विलीन, दोनों पुत्रियों ने दी मुखाग्नि

मुक्तिधाम में दी गई नम आंखों से दी अंतिम विदाई
राजनांदगांव।
जिले के जाने-माने और मिलनसार वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन शर्मा (61 वर्ष) अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका पार्थिव शरीर आज पंचतत्व में विलीन हो गया। लखोली स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी दोनों पुत्रियां ने पिता को मुखाग्नि दीं। इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं।
61 वर्षीय मनमोहन शर्मा का व्यक्तित्व उनके नाम के बिल्कुल अनुरूप था। वह अपने मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के कारण हर किसी के प्रिय थे। जो भी उनसे एक बार मिलता, वह उनके स्नेह और व्यवहार से मंत्रमुग्ध हो जाता था। उनके यूं अचानक चले जाने से पत्रकारिता जगत और पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वे पिछले दो-तीन दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी था। कल शाम अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ जाने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उन्होंने इस नश्वर दुनिया को अलविदा कह दिया।
आज सुबह करीब 10 बजे उनके निज निवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दुखद घड़ी में दिवंगत आत्मा को अंतिम विदाई देने के लिए शहर के गणमान्य नागरिक, उनके पत्रकार साथी, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संस्थाओं के प्रमुख प्रतिनिधि, मित्रगण और बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। सभी ने अपने प्रिय पत्रकार को अश्रुपूर्ण नेत्रों से श्रद्धांजलि अर्पित की। मुक्तिधाम में उनकी दोनों पुत्रियों ने उन्हें मुखाग्नि दी।
पीछे छूट गए परिवार में उनकी पत्नी और दो पुत्रियां हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
ॐ शांति!