आईजीकेवी पेपर लीक, 36 घंटे के भीतर प्रोफेसर सहित 6 गिरफ्तार

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक करने वाले मुख्य आरोपर प्रोफेसर सहित कुल 6 आरोपी पकडा़ए

मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड है भारती एग्रीकल्चर कॉलेज दुर्ग का प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया

रायपुर। राजधानी के इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय के कीटशास्त्र परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी भारती एग्रीकल्चर कॉलेज दुर्ग के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया सहित इसी कॉलेज के पांच छात्रों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का दावा है कि प्रोफेसर योगेश ने प्रश्नपत्र के सीलबंद लिफाफे में छेद कर मोबाइल से उसकी वीडियो रिकार्डिंग की थी और प्रश्नपत्र की सामग्री तैयार कर उसे बेची थी। इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले प्रदेश के सभी 28 कृषि महाविद्यालयों में 20 अगस्त को बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर के एजीसीएच 221 कीटशास्त्र विषय की परीक्षा होनी थी।

प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना के बाद विश्वविद्यालय के स्नातक परीक्षा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. एनआर रंगारे ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में प्रकरण दर्ज कराया था। पुलिस के अनुसार 2019 से दुर्ग के भारती कॉलेज में प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया उत्तरपुस्तिकाएं जमा करने कृषि महाविद्यालय रायपुर के जोरा स्थित परिसर में पहुंचा था। उसने वहाँ आगामी सप्ताह में होने वाली परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए।

पुलिस के अनुसार प्रोफेसर योगेश ने अपने घर में रखे 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र के प्रश्नपत्र के लिफाफे में सुई और नुकीले उपकरण से छेद कर प्रश्नपत्र का वीडियो बनाया और उससे सामग्री तैयार कर छात्रों को 11 हजार रूपए में बेच दिया।

पुलिस ने इस मामले में प्रोफेसर योगेश सहित एग्रीकल्चर कॉलेज दुर्ग के छात्रों अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पांडेय, अनुज सिंह और आदित्य साहू को गिरफ्तार किया है।