ऑनलाइन धोखाधड़ी के दो मामलों में तीन गिरफ्तार

गढ़चिरौली पुलिस की कार्रवाई
राजनांदगाँव/गढ़चिरौली।
छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरोली पुलिस दल ने दो अलग-अलग ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों में म्युल अकाउंट (म्यूल बैंक खातों) के जरिए 1 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपी और सोशल मीडिया पर बेडशीट बिक्री के फर्जी विज्ञापन देकर ठगी करने वाला एक आरोपी शामिल हैं।

गढ़चिरौली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक मामले में म्युल अकाउंट के जरिए ₹1.04 करोड़ की धोखाधड़ी की गई है। एक आरोपी युवती ने दोस्ती का फायदा उठाकर गढ़चिरौली की 7 लड़कियों के नाम पर फर्जी तरीके से सिम कार्ड और महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक में खाते खुलवाए। बाद में इन खातों में लड़कियों की जानकारी के बिना ₹1,04,00,000 से अधिक का संदिग्ध लेनदेन (ट्रेडिंग के नाम पर) किया गया। पुलिस ने इस मामले में जुही विनायक मेश्राम (उम्र 23 वर्ष) नामक युवती निवासी आशीर्वाद नगर, गढ़चिरोली और सात्विक दीपक सावडिया (उम्र 22 वर्ष) निवासी सुभाष चौक, रायगढ़, छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा है।

दूसरे मामले में सोशल मीडिया पर बेडशीट बिक्री का फर्जी विज्ञापन जारी कर धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस के अनुसार फेसबुक पर ‘Sajja Handloom’ और ‘PP Collection AC Comfuter set Bedsheets’ नाम से फर्जी विज्ञापन दिखाकर ग्राहकों से ऑनलाइन पैसे ऐंठे गए और ऑर्डर डिलीवर नहीं किया गया। तकनीकी विश्लेषण (Technical Analysis) के जरिए आरोपी को राजस्थान से ढूंढ निकाला गया। गढ़चिरौली पुलिस ने साहिल जमशेद उर्फ साहिल जमशेद खान (उम्र 25 वर्ष) निवासी सोमका, जिला: डीग, राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।

गढ़चिरोली पुलिस 1 से 31 अक्टूबर तक सायबर सुरक्षा जागरूकता महीना मना रही है। पुलिस ने नागरिकों से सावधानियां बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे कागजात शेयर न करें। किसी भी परिचित या दोस्त के कहने पर भी अपने नाम से बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या सिम कार्ड दूसरों को इस्तेमाल के लिए न दें। सायबर अपराध में ऐसे खातों का इस्तेमाल होने पर कानूनी जिम्मेदारी खाताधारक की भी होती है। सस्ते विज्ञापनों से बचें। सोशल मीडिया पर अत्यधिक कम कीमत वाले विज्ञापनों को देखकर बिना प्रामाणिकता जांचे किसी भी अज्ञात यूपीआई (UPI) आईडी या बैंक खाते में पैसे न भेजें।सहायता लें। यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।