
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में तड़के हुई वारदात
राजनांदगाँव। महाराष्ट्र के भंडारा में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हुआ है। बोलैरो और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे और छह महिलाएं हैं। हादसे में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नागपुर रायपुर मार्ग पर भंडारा जिले के पिंपलगांव के पास आज तड़के करीब 3-साढे़ 3 बजे हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल के लिए भेजा गया। यह हादसा बोलेरो गाड़ी के खड़े ट्रक से टकराने से हुआ है। पता चला है बोलेरो गाड़ी में 16 से 17 लोग सवार थे। सभी छत्तीसगढ़ के राजनांदगाँव और कवर्धा जिले से तीज त्योहार के लिए नागपुर जा रहे थे।
बोलेरो ट्रक की टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और राहगीरों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी जिनके शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इलाज के लिए नागपुर ले जाई जा रही एक महिला की रास्ते में मौत हो गई।
पता चला है कि मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। मरने वाले बच्चों की उम्र 5 साल से कम थी। गाड़ी चालक समेत अन्य कई लोग घायल हैं। ड्राइवर और 3 बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज व अन्य घायलों को नागपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के निवासियों की मृत्यु पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा, राजनांदगाँव सांसद संतोष पांडे और पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने शोक प्रकट किया है। सोशल मीडिया में जारी बयान में नेताओं ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।


