
खैरागढ़ क्षेत्र के टेकापार खुर्द का मामला
राजनांदगाँव/खैरागढ़। नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने महिला को दहेज के नाम पर प्रताडि़त करने और उसकी पढा़ई छुड़वाकर उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाने बाध्य करने वाले उसके पति को गिरफ्तार किया है।
खैरागढ़ थाना क्षेत्र के टेकापार खुर्द में चार दिन पहले विवाहिता अंजू बघेल ने अपने घर के बाथरूम में आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। उस वक्त उसके पति, सास, ससुर और देवर खेत गए हुए थे। जब उसका देवर खाना लेने घर पहुंचा, तब उसे घटना का पता चला। गंभीर रूप से जली महिला को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बाद में जांच के बाद पुलिस ने महिला की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार मृतका अंजू बघेल दहेज प्रताड़ना और डीएड की पढ़ाई रोकने पर मानसिक रूप से परेशान थी। इसी के चलते उसने घर के टॉयलेट में खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतिका की शादी 24 फरवरी 2025 को अजय बघेल (30) के साथ हुई थी। शादी के करीब दो-तीन महीने बाद से ही मोटरसाइकिल और नगद राशि को लेकर उसे प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा सगाई के दौरान मिले आभूषण भी पति द्वारा अपने पास रख लिए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
परिजनों के मुताबिक शादी के समय महिला की पढ़ाई जारी रखने की बात तय हुई थी, लेकिन बाद में पति ने उसे डीएड करने से मना कर दिया। पुलिस का कहना है कि लगातार प्रताड़ना और पढ़ाई को लेकर दबाव के चलते महिला मानसिक रूप से परेशान थी। इसी के चलते उसने खुद को घर के बाथरूम में बंद कर लिया और खुद पर मिट्टी तेल उड़ेलकर आग लगा ली। घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद खैरागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 85 में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने 24 अगस्त को आरोपी पति अजय बघेल को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


