
मुख्य समारोह में प्रतिभाओं, वरिष्ठजनों और स्वर्णिम वैवाहिक जीवन का सम्मान, गंगा आरती की तर्ज पर हुई महाराजा अग्रसेन जी की भव्य आरती ने मोहा मन
राजनांदगांव। समयबद्ध आयोजन, समाज के हर वर्ग की उत्साहपूर्ण भागीदारी और धार्मिक आस्था के अद्भुत संगम के साथ अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य समापन हुआ। अग्रवाल सभा, अग्रवाल नवयुवक मंडल एवं अग्रवाल महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर संपन्न हुए। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों की पूरे उत्साह के साथ उपस्थिति ने आयोजन को पारिवारिक एकता और सामाजिक संगठन की मिसाल बना दिया। मुख्य समारोह में जहां प्रतिभाओं, वरिष्ठजनों और स्वर्णिम वैवाहिक जीवन का सम्मान किया गया, वहीं भगवान श्री अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा ने नगर में धार्मिक उल्लास का वातावरण निर्मित किया। शोभायात्रा के दौरान गंगा आरती की तर्ज पर की गई भगवान अग्रसेन जी की भव्य आरती आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, जिसकी आम नागरिकों ने सराहना की।

श्री अग्रसेन भवन में आयोजित मुख्य समारोह में समाज के सभी वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अशोक मोदी , कोरबा (चेयरमैन, हुंडई ग्रुप), समारोह अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि सुधीर बंसल ने अपने उद्बोधन में सामाजिक एकता, संगठन, संस्कार और समाज के विकास के महत्व पर विचार रखे। अतिथियों ने भगवान श्री अग्रसेन जी के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने तथा समाज की सेवा और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि मोदी ने भगवान श्री अग्रसेन जी के समाजवाद की शिक्षा को अमल में लाने , समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आपसी सामंजस्य के साथ एक दूसरे के सुख दुख के साथी बनकर नए युवा बच्चों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ ही उनकी शिक्षा की समुचित व्यवस्था करने का आव्हान किया। समाज की घटती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए मोदी ने प्रत्येक परिवार में चार बच्चे के लक्ष्य का आग्रह किया । विवाह की बढ़ती उम्र पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि माता पिता एवं युवक युवती आज और अच्छे के चक्कर में विवाह संबंध नहीं करके बच्चों की उम्र बढ़ा रहे है जो चिंता का विषय है । समाज को इस दिशा में विचार करना चाहिए । समारोह अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने राजनांदगांव अग्रवाल समाज द्वारा संचालित योजनाओं की खुलकर प्रशंसा की ।
समारोह में सामाजिक योगदान के लिए वरिष्ठ सदस्य जयप्रकाश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, संतोष सिंघल एवं रमेश चंद अग्रवाल का सम्मान किया गया। वैवाहिक जीवन की स्वर्ण वर्षगांठ पूर्ण करने वाले लक्ष्मी देवी एवं मुरारीलाल अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया। एक ही मंच पर वरिष्ठजनों के अनुभव, दांपत्य जीवन की उपलब्धि और विद्यार्थियों की सफलता का सम्मान समाज की समृद्ध परंपराओं और पीढ़ियों के बीच मजबूत होते संबंधों का प्रतीक बना।
मुख्य समारोह के पश्चात भगवान श्री अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी धार्मिक आस्था और संगठन की शक्ति का परिचय दिया। शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए नगर के प्रमुख क्षेत्रों से गुजरी। मार्ग में अनेक स्थानों पर समाजजनों एवं सहयोगकर्ताओं द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई। शीतल पेय, आइसक्रीम सहित विभिन्न सुविधाओं के माध्यम से शोभायात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। सेवा और सहयोग की इस भावना ने आयोजन को और भी आत्मीय बना दिया।
शोभायात्रा के मध्य भगवान श्री अग्रसेन जी की गंगा आरती की तर्ज पर भव्य आरती की गई। आरती का भव्य स्वरूप और भक्तिमय वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। आम नागरिकों ने भी इस आयोजन की सराहना की। आरती के माध्यम से धार्मिक आस्था, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का भाव प्रभावी रूप से सामने आया। शोभायात्रा में सेवा व्यवस्था से लेकर धार्मिक अनुष्ठानों तक समाजजनों की सहभागिता ने महोत्सव को यादगार बना दिया।
महोत्सव की विशेषता रही कि सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर संपन्न हुए और समाज के हर वर्ग ने उनमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रचनात्मक प्रतियोगिताओं, बाइक रैली, आनंद मेले, सम्मान समारोह और शोभायात्रा के माध्यम से पूरे सप्ताह सामाजिक सक्रियता का वातावरण बना रहा। आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब समाज के विभिन्न संगठन और सदस्य एक साझा उद्देश्य के साथ कार्य करते हैं, तब परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत किया जा सकता है।
मुख्य समारोह का सफल संचालन लक्ष्मण लोहिया एवं नैंसी अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम के अंत में अग्रवाल सभा के सचिव अशोक लोहिया ने आभार प्रदर्शन करते हुए अतिथियों, समाजजनों, महिला मंडल, नवयुवक मंडल, सहयोगकर्ताओं और आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। सामूहिक सहभागिता, अनुशासन और सेवा भावना के साथ संपन्न अग्रसेन जयंती महोत्सव ने समाज में संस्कार, संगठन और सामाजिक समरसता का संदेश छोड़ा।

