
उत्तरप्रदेश में सहारनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद पर आज सुबह बुलडोजर कार्रवाई कर उसे ढहा दिया गया। मस्जिद को एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में गिराया गया।
सहारनपुर सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत ने पिछले महीने मस्जिद को अवैध घोषित करते हुए इसे गिराने का आदेश दिया था। कोर्ट के आदेश को बरक़रार रखे जाने के बाद डीएम कार्यालय परिसर में मस्जिद गिराने की कार्रवाई शुरू की गई और कुछ ही देर में इसे जमींदोज कर दिया गया।
इस मामले पर सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा कि सहारनपुर के कलेक्ट्रेट में एक मस्जिद थी जिसे सिटी मजिस्ट्रेट के कोर्ट ने अवैध पाया था। यह सरकारी ज़मीन थी। इस आदेश के ख़िलाफ़ मस्जिद कमिटी ने अपील की थी, जो ख़ारिज हो गई। इसी अवैध निर्माण को हटाने के लिए कार्रवाई की गई।
इस मामले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि हमारे लोग पूरी रात जागते रहे और हम अधिकारियों से लगातार संपर्क करने की कोशिश करते रहे लेकिन सारी जानकारी देने के बावजूद मस्जिद तोड़ दी गई।


