साले ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी अपने जीजा की हत्या

मदनवाडा़ थाना क्षेत्र में मार्च 2026 में मिले अज्ञात शव के मामले की गुत्थी सुलझी, आरोपियों में एक नाबालिग भी

राजनांदगाँव/मोहला। जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी पुलिस द्वारा थाना मदनवाडा में माह मार्च में हुए अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया गया है। हत्या के मामले में मृतक के साले और रिश्तेदार सहित 3 आरोपी और 1 विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 5 मार्च 2026 को थाना मदनवाड़ा में सूचक संजय हथगिया, निवासी भैंसाराटोला ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि ग्राम भैंसाराटोला से 1 किलोमीटर दूर कोहका नदी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर थाना मदनवाड़ा पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई तथा शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर मृतक की मृत्यु को संदिग्ध मानते हुए मामले की गंभीरता से जांच की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा घटनास्थल, साक्ष्यों एवं उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं घटना में उनकी भूमिका के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए गए। विवेचना के दौरान अपराध क्रमांक 01/2026, धारा 103(1), 238 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी द्वारा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी(पुलिस) मानपुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा अज्ञात मृतक की पहचान कदम भुआर्य पिता स्वर्गीय तोरण भुआर्य उम्र 36 वर्ष निवासी फुलकोडो थाना खडगांव हाल मुकाम राजकट्टा थाना औंधी के रूप में की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा लोकल मुखबिर की मदद से एवं साइबर सेल की तकनीकी सहायता की मदद से घटना को कारित करने वाले संदेही का मोबाइल लोकेशन हैदराबाद में होने से तुरंत टीम को हैदराबाद रवाना किया गया, जहां से संदेही चंदन अंधारे निवासी चिखला कसा भैंसाराटोला ग्राम कनेली मदनबाड़ा को हिरासत में लेकर मानपुर लाया गया। आरोपी से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि कदम भुआर्य की पत्नी परमेश्वरी उसके मामा की लड़की है जिससे कदम भुआर्य आए दिन मारपीट करता रहता था और उसके साथ परमेश्वरी का अवैध संबंध होने का भी शक किया करता था। उसने बताया कि उसने और कदम की पत्नी परमेश्वरी के भाई चमन देहरी यानि उसके मामा का लड़के ने मिलकर कदम को मारने की योजना तैयार की।


चंदन ने बताया कि उसने और चमन ने औंधी के हरेश राणा और एक नाबालिग बालक के साथ मिलकर कदम भुआर्य को साथ में लेकर शराब पीने का बहाना कर उसे चंदन अंधारे के घर के पास चिखलाकसा भैंसाराटोला नाला कनेली के पास ले गए। भुट्टा के खेत में भुट्टा भूंजकर खाए और महुआ शराब का सेवन करने के बाद कदम भुआर्य को नशा ज्यादा होने से चारों ने मिलकर गमछा से गला घोंट दिया और शव को वहीं नाला के किनारे गड्ढा करके रेत में ढक दिया। साथ ही कदम भुआर्य के पास रखे मोबाइल, पर्स और उसके जूता को लेकर चले गए। मोबाइल एवं जूते को पास के नल में फेंक दिया। उसके बाद यह चारों अपने घर चले गए।
आरोपी के बताएं अनुसार कथन लिया जाकर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जप्त किया गया है। पुलिस ने मामले में चंदर सिंह अंधारे, पिता तुलसी राम अंधारे उम्र 25 वर्ष, निवासी चिखलाकसा, थाना मदनवाड़ा, हेमंत राणा, पिता विश्वनाथ, उम्र 21 वर्ष, निवासी राजकट्टा, थाना औंधी, चमन लाल देहरी, पिता संतलाल देहरी, उम्र 24 वर्ष, निवासी राजकट्टा, थाना औंधी को गिरफ्तार किया है। साथ ही विधि से संघर्षरत बालक को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है। बालक की पहचान कानूनन गोपनीय रखी गई है।

पुलिस द्वारा आरोपियों को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से विवेचना की जा रही है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा गंभीर एवं जघन्य अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।