वीरांगना रानी दुर्गावती की 502वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह से मनी

वनवासी विकास समिति के तत्वावधान में रानी दुर्गावती महाविद्यालय साल्हेवारा में हुआ आयोजन
राजनांदगाँव/साल्हेवारा। वनवासी विकास समिति साल्हेवारा के तत्वावधान में वीरांगना रानी दुर्गावती जी की 502वीं जयंती रानी दुर्गावती महाविद्यालय, साल्हेवारा में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में वीरांगना रानी दुर्गावती के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और मातृभूमि के प्रति उनके अमर समर्पण को नमन किया गया।

कार्यक्रम का मार्गदर्शन डा. रणजीत सिंह देशमुख ने किया। मुख्य अतिथि एवं प्रतिनिधि के रूप में निजाम सिंह मंडावी, जिला पंचायत प्रतिनिधि साल्हेवारा, दशरथ पटेल, सरपंच साल्हेवारा तथा श्री डीकेश मेरावी, पंच उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यकर्ता रामश्याम, देवकुमार साहू, दिनेश धरम गढ़े एवं गौकरण सोनवानी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

समारोह में वक्ताओं ने वीरांगना रानी दुर्गावती के गौरवशाली जीवन, उनके अदम्य साहस और मातृभूमि के लिए किए गए त्याग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों ने वीरांगना रानी दुर्गावती के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।