
जैन बगीचे में समयप्रभ सागर जी का चातुर्मासिक प्रवचन
राजनांदगांव। “गर्भावस्था के दौरान दी गई शिक्षा संस्कार का आधार बनती है। अर्जुन ने भी गर्भावस्था में सुभद्रा को चक्रव्यूह तोड़ने की बात बताई थी किंतु चक्रव्यूह से वापस लौटने के बारे में जब जानकारी दी जा रही थी तब सुभद्रा सो गई थी जिसकी वजह से अर्जुन के पुत्र अभिमन्यु केवल चक्रव्यूह ही तोड़ पाया, वह उससे बाहर नहीं निकल पाया।” उक्त उदगार खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य समयप्रभ सागर जी ने व्यक्त किए।
मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि ज्ञान वल्ल्भ उपाश्रय भवन में चल रहे चातुर्मासिक प्रवचन की कड़ी में आज मुनि समयप्रभ सागर जी ने फरमाया कि माँ के गर्भ से ही बच्चों के संस्कार का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि एक राजा को अपनी प्रजा का हित पहले देखना चाहिए। उसे गुप्त रूप से प्रजा की समस्याओं की जानकारी लेकर उसका निदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आराधना में भूल होती है तो धर्म के मूल लक्ष्य को आघात पहुंचता है। गर्भावस्था में किस प्रकार का आचरण या बर्ताव करना चाहिए इसकी जानकारी देने पर पेट में आई आत्मा को भी उस आचरण का ज्ञान होता है।
मुनि समयप्रभ सागर जी ने कहा कि पहले आत्मा को महत्व दिया जाता था। महिलाएं गर्भ धारण करती थी तो कहा जाता था की आत्मा हमारे घर आई है। गर्भ के दौरान दी गई शिक्षा को आत्मा ज्यादा मानती है। इसलिए गर्भावस्था के दौरान शिक्षा देना ज्यादा उचित होता है। संस्कारों के लिए दृढ़ता होनी चाहिए। नारियों को सम्मान देना चाहिए।

