सोशल एक्टिविटी में भी सक्रिय रहती हैं श्रिया

आज जन्मदिन मना रही हैं श्रिया सरन

प्रीति सिंह, गाजियाबाद, उत्तरप्रदेश

कि कोई इतना ख़ूबसूरत कैसे हो सकता है.. ये गाना अगर श्रिया के लिए गाया जाए तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी..
श्रिया सरन की खूबसूरती की सबसे खास बात ये है कि वो एवरग्रीन है। शिवाजी: द बॉस और आवारापन के दिनों से लेकर आज दृश्यम 3 तक, श्रिया का चार्म रत्ती भर भी कम नहीं हुआ है। बढ़ती उम्र के साथ उनका निखार और बढ़ा ही है, जिसे देखकर वाकई चांद भी हैरत में पड़ जाए।

शायद आपको पता हो कि श्रिया सरन एक बेहतरीन एक्ट्रेस के साथ साथ एक क्लासिफाइड कथक डांसर भी हैं। उनका पोस्चर, उनकी चाल और उनका स्क्रीन प्रेजेंस बेहद रॉयल होता है।
जब वो साड़ी पहनकर स्क्रीन पर चलती हैं, तो उनका ग्रेस इस लाइन को पूरी तरह सही साबित करता है..और जब वो मुस्कुराती हैं तो दिलों पर छुरियाँ चला देती हैं..

श्रिया सरन का जन्म 11 सितंबर 1982 को हरिद्वार में हुआ था। उनके पिता पुष्पेंद्र सरन BHEL में काम करते थे और मां नीरजा सरन दिल्ली पब्लिक स्कूल में केमिस्ट्री की टीचर थीं। श्रिया का बचपन दिल्ली और हरिद्वार में बीता। बचपन से ही श्रिया को डांस का बेहद शौक था। उन्होंने अपनी मां से और बाद में मशहूर गुरु शोभना नारायण से कथक डांस की ट्रेनिंग ली।

श्रिया कभी एक्ट्रेस बनना ही नहीं चाहती थीं, वो एक मशहूर डांसर बनना चाहती थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

कॉलेज के दिनों में श्रिया ने थिरकती क्यों हवा नाम के एक क्लासिकल म्यूजिक वीडियो में परफॉर्म किया था, इस वीडियो की शूटिंग रामोजी फिल्म सिटी, हैदराबाद में हुई थी। वहां फिल्म मेकर्स की नजर श्रिया पर पड़ी और उन्हें साल 2001 में तेलुगु फिल्म इष्टम का ऑफर मिला और यहीं से उनके अभिनय के सफर की शुरुआत हुई।

इसके बाद 2003 में आई फिल्म तुझे मेरी कसम जिसमें उनके साथ रितेश देशमुख और जेनेलिया ने भी मुख्य भूमिका निभाई थी, से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा।
खास बात ये है कि ये इन तीनों कलाकारों की ही बॉलीवुड डेब्यू फिल्म थी।

साल 2007 श्रिया के करियर का सबसे बड़ा साल साबित हुआ।
फिल्म शिवाजी: द बॉस में श्रिया को रजनीकांत के साथ लीड एक्ट्रेस का रोल मिला। ये फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी।

इसी साल बॉलीवुड में इमरान हाशमी के साथ आई फिल्म आवारापन में उनके आलिया के किरदार को बेहद पसंद किया गया। इस रोल के लिए श्रिया ने बकायदा उर्दू भी सीखी थी।

श्रिया उन चुनिंदा भारतीय एक्ट्रेसस में से एक हैं जिन्होंने हॉलीवुड फ़िल्मों जैसे द अदर एंड ऑफ द लाइन, कुकिंग विद स्टेला और दीपा मेहता की मशहूर फिल्म मिडनाइट्स चिल्ड्रन में भी काम किया है।

श्रिया ने मार्च 2018 में अपने रूसी बॉयफ्रेंड आंद्रेई कोश्चीव से शादी की है।
उन्होंने एक शो में बताया था कि आंद्रेई से उनकी पहली मुलाकात मालदीव में एक गलत फ्लाइट बुकिंग की वजह से हुई थी, जो बाद में प्यार और शादी में बदल गई।

दरअसल, श्रिया को 2017 में मालदीव में एक डाइविंग ट्रिप पर जाना था, जो अप्रैल के महीने में थी। लेकिन गलती से उन्होंने एक महीने पहले यानी मार्च की फ्लाइट बुक कर ली।
जब वो वहां पहुंची तो वो अकेली थीं, तब उनकी मुलाकात आंदेई कोश्चीव से हुई। आंद्रेई को शुरुआत में पता भी नहीं था कि श्रिया इतनी बड़ी एक्ट्रेस हैं।
कुछ महीनों तक डेट करने के बाद आंद्रेई ने इंटरनेट पर श्रिया की फिल्म दृश्यम देखी थी। फिल्म में श्रिया के किरदार को देखकर वो इतने डर गए थे कि उन्होंने एक दिन मजाक में श्रिया से पूछ लिया था कि कहीं वह असल जिंदगी में भी वैसी ही तो नहीं हैं!
दोनों में प्यार हुआ और ठीक एक साल बाद मार्च 2018 में दोनों ने उदयपुर में एक सीक्रेट वेडिंग कर ली।
2021 में श्रिया ने एक बेटी को जन्म दिया जिसका नाम उन्होंने राधा रखा।

श्रिया सोशल एक्टिविटी में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। उन्होंने मुंबई में थैंक यू नाम से एक स्पा खोला है।
इस स्पा की खास बात ये है कि इसमें काम करने वाले सभी थेरेपिस्ट और कर्मचारी नेत्रहीन हैं। श्रिया का मानना है कि स्पर्श की कला में नेत्रहीन लोगों का कोई मुकाबला नहीं कर सकता और ये उन्हें रोजगार देने की एक छोटी सी कोशिश है।

श्रिया सरन मेरी पसंदीदा अभिनेत्रियों में से एक हैं, उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ ❤️❤️

#bollywood #films #ShriyaSaran