
विजयादशमी पर संबोधन में आरएसएस प्रमुख ने कहा- भारत में नहीं होगा सत्ता परिवर्तन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने विजयादशमी के मौके पर मंगलवार को अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक स्तर पर भारत का कद बढ़ रहा है। भागवत ने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन नहीं होगा। उन्होंने व्यवस्था को ख़त्म करने की कोशिश कर रही ताक़तों पर भी निशाना साधा।
फ्रांस, अल्बानिया और बांग्लादेश में अशांति का जिक्र करते हुए आरएसएस प्रमुख ने कहा कि आंदोलनों का मकसद समाधान तलाशना होना चाहिए। ऊन्होंने कहा कि यह तूफान पश्चिम से उठा है जो व्यवस्था के हर स्वरूप के खिलाफ है।भागवत ने भारत की विविधता और वैश्विक मंच पर देश के बढ़ते कद की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत, हिंदू और आरएसएस पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है।
संघ के 101वें स्थापना वर्ष के मौके पर आरएसएस के सरसंघचालक भागवत ने कहा कि हम बँट गए और कमज़ोर हो गए जिसके कारण हमें गुलामी झेलनी पड़ी। कई महान लोगों के प्रयासों से हमने गुलामी से मुक्ति पाई है। हमें एक बार फिर अपने भावनात्मक संबंधों को समझना होगा।
भागवत ने कहा कि हमारा देश प्राकृतिक विविधता, धर्मों, जातियों, खानपान और अन्य कई रूपों में विविधता से भरा है। इसलिए हमें ऐसी विचारधारा की ज़रूरत है जो इन सभी को स्वीकार करे और उनका सम्मान करे। हमारी परंपरा, हमारी सनातन परंपरा, इस विचार को स्वीकार करती है।
कार्यक्रम की शुरुआत आरएसएस प्रमुख के औपचारिक स्वागत, संगठन के संस्थापक हेडगेवार को पुष्पांजलि और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई।
इससे पहले सोमवार को भागवत ने नागपुर के धंतोली स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में पूजा-अर्चना की थी। महाष्टमी के अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रद्धालु मां दुर्गा का आशीर्वाद मांगते हैं क्योंकि संसार की हर गतिविधि उन्हीं की कृपा से संचालित होती है।

